
देश में आज मानसून की दस्तक संभव:4 दिन से 40-50 km दूर रुका था, 29 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट
By Dinesh chourasiya
बीते चार दिन से देश से करीब 40-50 किलोमीटर दूर अटका मानसून शुक्रवार शाम आगे बढ़ गया है। यह शनिवार सुबह तक केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के कई क्षेत्रों में एक साथ दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून के एक हफ्ते में पूरे दक्षिणी प्रायद्वीप और पूर्वोत्तर राज्यों में छा जाने की संभावना है। 4 जून तक यह मध्य और पूर्वी भारत के अनेक हिस्सों तक पहुंच जाएगा।
मौसम विभाग ने आज के लिए दो तरह के रेड अलर्ट जारी किए हैं। पहला भारी बारिश का है, दूसरा भीषण गर्मी का। देश के पश्चिमी तट (गुजरात, कोंकण, गोवा, कर्नाटक, केरल) पर 24 घंटों में 200 मिमी बारिश की संभावना है। इन राज्यों में अगले सात दिन भारी बारिश हो सकती है।







राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में 27 मई तक राजस्थान में गर्म हवाओं की आशंका के चलते रेड अलर्ट है। जैसलमेर में शुक्रवार को सर्वाधिक 48 डिग्री तापमान रहा। इसमें आज और भी बढ़ोतरी हो सकती है। आज 2 जिलों में गर्मी का रेड, 7 जिलों में ऑरेंज और 2 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने शनिवार को देश के कुल 29 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में बीत 3 दिन में आंधी-बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों का आंकड़ा 60 पर पहुंच गया है। बारिश के कारण लखनऊ से दिल्ली के बीच 4 फ्लाइटें कैंसिल रहीं।


केरल में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध मौसम विभाग ने केरल के तटीय और आंतरिक क्षेत्रों में तेज आंधी की चेतावनी दी है। मछुआरों सहित आम लोगों को एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है। केरल-कर्नाटक-लक्षद्वीप तटों पर 23 से 27 मई तक मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है।








