भिलाई सेक्टर 7 में बिजली की चोरी:बीएसपी ने भिलाई नगर में 400 घरों की काटी बिजली, 2000 मीटर तार किया गया जब्त
By Dinesh chourasiya

भिलाई स्टील प्लांट दुर्ग जिले के भिलाई टाउनशिप में बिजली सप्लाई करता है। ऐसे में यहां बिजली चोरों की संख्या काफी बढ़ गई है। इसे लेकर बीएसपी की टीम ने भिलाई नगर की एक कॉलोनी में कार्रवाई कर 400 घरों की बिजली काट दी।
दरअसल, मामला भिलाई नगर सेक्टर-7 की रेलवे स्टेशन से लगी अवैध बस्ती का है। यहां 400 घर में लोगों ने अवैध कनेक्शन खींचकर बिजली जला रहे थे। इस पर कार्रवाई करने के लिए प्रवर्तन विभाग, टाउन इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट और पीएचडी विभाग की टीम पहुंची।







एक्शन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी थी
इस कार्रवाई के दौरान किसी तरह का कोई विरोध या अनहोनी ना हो इसको देखते हुए सुरक्षा के लिए भिलाई नगर थाने से बड़ी संख्या में पुलिस बल, बीएसपी के गार्ड समेत करीब 80 लोगों की टीम मौजूद थी। बीएसपी की टीम ने बस्ती तक जाने वाले अवैध कनेक्शन की सप्लाई बंद करने के लिए पहले मेन लाइन की बिजली काटी। जब लोगों के घरों की बिजली बंद हुई तो उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया।
बीएसपी की टीम जब लोगों के घरों का कनेक्शन काटने पहुंची, तो लोगों ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। लोगों ने मेन रोड पर आकर चक्काजाम करने की कोशिश भी की। इसकी सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को भगा दिया।




टीम ने किया 2000 मीटर तार जब्त
बिजली काटने पहुंची टीम ने 400 घरों के अवैध कनेक्शन को काट दिया। इस दौरान उनके घरों तक गई लगभग 2000 मीटर तार को काटकर जब्त किया गया। टीम के लोगों का कहना था कि, इन लोगों ने जान जोखिम में डालकर कनेक्शन खुद से लिया था। इसलिए तार को जब्त किया गया है।
सड़क के ऊपर था तारों का जाल
लोगों ने बस्ती तक कनेक्शन ले जाने के लिए केबल वायर को मेन सड़क के ऊपर से गुजार दिया था। सड़क के उस पार से बिजली का अवैध कनेक्शन खींचकर अपने घर तक ले गए थे। जिससे लगाए गए बांस बल्ली गिरने से तार टूटकर सड़क पर गिर सकता था। इससे राहगीरों की जान भी जा सकती है।




