Uncategorized

चीन बोला- पहलगाम हमले की निष्पक्ष जांच हो:आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से 1000 भारतीय लौटे; 800 पाकिस्तानियों ने भारत छोड़ा

By Dinesh chourasiya

पहलगाम हमले को सोमवार को 6 दिन हो गए हैं। दिल्ली से लेकर श्रीनगर तक हलचल नजर आ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बीच पीएम आवास में 40 मिनट तक मीटिंग हुई।

आतंकी हमले के दो और वीडियो सामने आए हैं। इसमें एक में आतंकी की गोली लगने से एक युवक गिरते दिख रहा है। दूसरे में फायरिंग के दौरान पर्यटक बचने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। ये दोनों वीडियो नीचे ब्लॉग में जाकर देख सकते हैं।

चीन की तरफ से पहलगाम हमले को लेकर बयान आया। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि हम मामले की निष्पक्ष जांच चाहते हैं। भारत और पाकिस्तान पड़ोसी हैं, दोनों देश मतभेदों को बातचीत से सुलझाएं।

वहीं, न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, बीते 6 दिन में एक हजार भारतीय वाघा बॉर्डर से पाकिस्तान से भारत लौट चुके हैं। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान गए भारतीयों को अपने यात्रा समय को कम करने के लिए कहा गया था। इसी तरह सोमवार (28 अप्रैल तक) 800 पाकिस्तानी भारत से जा चुके हैं।

पहलगाम हमले से जुड़े 4 बड़े अपडेट्स

  • पहलगाम अटैक की रिपोर्टिंग को लेकर केंद्र ने 17 पाकिस्तानी यू-ट्यूब चैनल्स पर बैन लगा दिया। इनमें क्रिकेटर शोएब अख्तर, डॉन न्यूज, समा टीवी और जिओ न्यूज शामिल हैं। सरकार का कहना है कि ये चैनल्स भारत और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ झूठी और भ्रामक खबरें चला रहे हैं।
  • केंद्र ने BBC को चेतावनी। दरअसल, पहलगाम हमले की रिपोर्टिंग के दौरान BBC आतंकवादियों को उग्रवादी बता रहा था। सरकार ने यह कार्रवाई गृह मंत्रालय की सिफारिश के बाद की है।
  • जम्मू-कश्मीर पुलिस ने 15 ठिकानों पर रेड की है। सूत्रों ने बताया कि ये रेड उन आतंकवादियों के ठिकानों पर की गई है, जो पाकिस्तान के कब्जे वाले (PoK) से ऑपरेट कर रहे हैं और इनके लिंक पहलगाम अटैक से जुड़े हैं।
  • राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) ने पहलगाम हमले पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। RJD सांसद मनोज झा ने पीएम नरेंद्र मोदी और CPI राज्यसभा सांसद पी संतोष कुमार ने संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू को चिट्ठी लिखी है।

Related Articles

Back to top button