Uncategorized

भिलाई नगर निगम आयुक्त ने 2 महिला सफाईकर्मी को किया सस्पेंड नोटिस के बाद भी काम में बरत रहे थे लापरवाही

By Dinesh chourasiya

राजीव कुमार पाण्डेय, आयुक्त नगर निगम भिलाई - Dainik Bhaskar

भिलाई नगर निगम के आयुक्त राजीव पाण्डेय ने 2 महिला सफाई कर्मचारियों को सस्पेंड कर दिया है। आयुक्त ने दोनों कर्मचारियों को सुधरने का पूरा मौका दिया, लेकिन जब वे बार-बार अपने काम में लापरवाही बरतती रही तो उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।

नगर निगम से मिली जानकारी के मुताबिक निगम में काम करने वाले ऐसे सफाई कर्मचारी जो ऑफिस में काम नहीं कर रहे थे, उन सभी को निगम आयुक्त ने उद्यान में पानी डालने की ड्यूटी लगाई थी। उनको पाइप लाइन से उद्यान में पौधों को पानी डालने का काम सौंपा गया था।

ड्यूटी से गायब रहती थी महिला सफाई-कर्मी

निगम आयुक्त ने कई बार औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि यहां भी सही तरीके से ड्यूटी नहीं की। उनके द्वारा लगातार काम में लापरवाही बरती जा रही थी। महिला सफाई कर्मी लगातार अपनी ड्यूटी से नदारद रहती थी। जब अधिकारियों ने उन्हें ड्यूटी आने के लिए कहा तो उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।

जब ये बात निगम आयुक्त राजीव पाण्डेय को पता चली तो उन्होंने उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा। नोटिस देने के बाद भी दोनों कर्मचारियों ने अपने रवैये में सुधार नहीं किया।

निरीक्षण करने पहुंचे तो सूखे मिले उद्यान में पौधे

आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय शनिवार को निगम के उद्यानों का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि वहां लगे पौधे पानी ना मिलने से सूख गए हैं। जब उन्होंने वहां के लोगों से जानकारी ली तो पता चला कि निगम के कर्मचारी पाइप रखकर चले गए हैं, लेकिन पानी डालने आते ही नहीं है।

इसके बाद निगम आयुक्त ने महिला सफाई कर्मचारी वृन्दाबाई और ललिता बाई को सस्पेंड करने का आदेश जारी किया।

Related Articles

Back to top button