Uncategorized

CG में घर पर मिली पति-पत्नी की लाश:खून से लथपथ पड़ी थी महिला, फंदे पर झूलते मिला पति, हत्या के बाद सुसाइड की आशंका

By Dinesh chourasiya

आशंका है कि, कुल्हाड़ी से पत्नी को मारकर किसान ने लगाई फांसी। - Dainik Bhaskar

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पति और पत्नी की घर पर लाश मिली है। महिला का शव खून से लथपथ पड़ा था। जबकि, पति फंदे पर झूलते मिला। पुलिस को शक है कि, पति ने पहले पत्नी की हत्या की होगी, फिर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया होगा। घटना कोटा थाना इलाके के बेलगहना चौकी क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम उमरिया निवासी सुखसिंह बैगा (55) रोजी-मजदूरी करता था। वो अपनी पत्नी कुंवारिया बाई (50) और बेटे दिलेश (11) के साथ रहता था। उसका बड़ा बेटा चुन्नी लाल बैगा दूसरे गांव में रहकर मजदूरी करता है।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

दरअसल, रविवार की रात सुखसिंह बैगा ने पत्नी से पैसे मांगे तो उसने देने से इनकार कर दिया। जिसे लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। पिता को मां से मारपीट करते देख दिलेश घर से भागकर पास ही स्थित अपने मामा के घर चला गया। रात में वहीं सो गया था।

सुबह घर पहुंचा बेटा, तब मां-पिता की देखी लाश

दिलेश सोमवार की सुबह उठने के बाद जब घर पहुंचा तो मां की लाश खून से लथपथ पड़ी मिली। कमरे में पिता का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। वह दौड़कर बाहर निकला और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी बेलगहना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पुलिस ने दिलेश से पूछताछ के बाद मामले में पत्नी की हत्या करने के बाद पति के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की आशंका जताई है। चौकी प्रभारी भावेश शेंडे ने बताया कि, शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आए दिन विवाद, इसलिए किसी ने नहीं दिया ध्यान

ग्रामीणों ने पुलिस को बताया कि, पति-पत्नी के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। दोनों आपस में छोटी-बड़ी बातों को लेकर लड़ते रहते थे। इसके चलते परिवार के अन्य सदस्यों और ग्रामीणों ने उनके बीच रविवार को हुए विवाद पर ध्यान नहीं दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button