Uncategorized

CG में खराब सड़कों के विरोध में मंत्री के बंगले का घेराव मंत्री बोले बारिस के बाद बनेगी सड़क 

By Dinesh chourasiya

सरगुजा में खराब सड़कों के विरोध में गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मंत्री राजेश अग्रवाल के बंगले का घेराव किया। इसकी जानकारी मिलने पर मंत्री सूरजपुर से अंबिकापुर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को नाश्ता बांटा। इसके बाद उनसे चर्चा की।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने खराब सड़कों को लेकर लोगों की परेशानी को स्वीकार करते हुए कहा कि सड़कों का टेंडर हो चुका है। बारिश खत्म होने के बाद निर्माण शुरू होगा। सड़कों की मरम्मत का काम आज से शुरू कर दिया गया है। इससे सड़कें फिलहाल चलने लायक हो जाएंगी।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि अंबिकापुर में नेशनल हाईवे की सड़कें खराब हो चुकी हैं। भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सड़क की हालत खराब है। वहीं, होलीक्रास स्कूल से सिलफिली तक सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हैं। लगातार खराब सड़कों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

मंत्री बंगले का घेराव, मंत्री बोले-जिम्मेदारी लेता हूं

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने खराब सड़कों के विरोध में गुरुवार को मंत्री राजेश अग्रवाल का बंगला घेरने पहुंचे। मंत्री राजेश अग्रवाल सूरजपुर में थे। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घर का घेराव कर जमकर नारेबाजी की।

सूचना मिलने पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रदर्शनकारियों को नाश्ता कराने का निर्देश दिया और स्वयं सूरजपुर से अंबिकापुर पहुंचे। उनके पहुंचने से पहले लड्डू और आलूचाप प्रदर्शनकारियों को बांटे गए। मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों से चर्चा की।

मंत्री राजेश अग्रवाल बोले-मरम्मत आज से शुरू कराया गया।
मंत्री राजेश अग्रवाल बोले-मरम्मत आज से शुरू कराया गया।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि अंबिकापुर की सड़कें वाकई में बहुत खराब है। इसे स्वीकार करने में कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन मैं बताना चाहूंगा कि सड़कों का टेंडर हो चुका है। बारिश के बाद काम शुरू हो जाएगा। आज से ही सड़कों के मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।

मंत्री ने कहा कि इस वर्ष पानी ज्यादा बरसा है। कई जगह पानी का निकास नहीं होने से दिक्कत हुई। पिछले दिनों भी रिपेयरिंग का काम कराया गया था, लेकिन भारी बारिश के कारण दिक्कत हुई।

नेशनल हाईवे में गड्ढों के कारण चलना भी दूभर।

भारत माता चौक पर शुरू कराई गई रिपेयरिंग

नेशनल हाईवे पर भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सड़क की मरम्मत का काम आज से शुरू कर दिया गया है। सड़क को फिलहाल चलने लायक बनाया जा रहा है। यहां पानी जमा है। पानी निकालने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया है।

सड़क मरम्मत के लिए गिराए जा रहे मटेरियल

इस सड़क पर सिर्फ गड्ढों के कारण रोज गाड़ियां फंस रही हैं। जाम की स्थिति भी बन जा रही है। पानी निकालकर और मटेरियल डालकर सड़क को चलने लायक बनाने की कोशिश है। मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया भी मौके पर पहुंचे।

बाइपास में चल रही सैकड़ों गाड़ियां, उसकी भी हालत खराब

भारत माता चौक से लेकर दरिमा मोड़ तक सड़क के अत्यधिक खराब होने के कारण सैकड़ों की संख्या में छोटे वाहन महामाया मंदिर, नवागढ़, श्रीगढ़ होते हुए नेशनल हाईवे तक पहुंच रहे हैं। यहां तक कि एम्बुलेंस और छोटी बसें, स्कूल बसें भी इसी मार्ग से चल रही हैं।

इस सड़क पर श्रीगढ़ और बधियाचुआं की सीमा पर बनी सड़क पूरी तरह से टूट चुकी है। करीब 700 मीटर सड़क में बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं और यहां भी जाम लग रहा है। यह सड़क MMGSY की बताई गई है। न तो पंचायत और न ही विभाग ने इस मार्ग की सुध ली है, जबकि नेताओं और अधिकारियों की गाड़ी भी इस मार्ग से चल रही है।

 

Related Articles

Back to top button