Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़
Trending

सेवा संकल्प अभियान’ बने जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान: मुख्यमंत्री साय

 

अविनाश साहू संवादाता पत्रकार 

बालोद, छत्तीसगढ़, 10 सितंबर 2026: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाला ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनकल्याण और जनभागीदारी का व्यापक अभियान बने। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार और विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

 

मुख्यमंत्री ने अभियान की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंस में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त जिला कार्यालय के एनआईसी कक्ष में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण, वनमंडलाधिकारी अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर चंद्रकांत कौशिक, संयुक्त कलेक्टर मधुहर्ष सहित डिप्टी कलेक्टर प्राची ठाकुर और आशीष पेंद्रों समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम के केंद्र में आम नागरिक और उसकी जरूरतें होनी चाहिए। पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें शासकीय योजनाओं से जोड़ा जाए। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों के करीब पहुंचाने और जनसमस्याओं का त्वरित निराकरण करने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

 

सेवा सेतु शिविरों में मिलेगा योजनाओं का लाभ

 

मुख्यमंत्री ने ‘सेवा सेतु’ शिविरों को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए। चयनित गांवों में स्वास्थ्य शिविरों के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। शिविरों में आवेदन प्राप्त करने के लिए काउंटर बनाए जाएंगे और आवेदनों की डिजिटल मॉनिटरिंग की जाएगी।

 

उन्होंने कहा कि शिविर से पहले ही संभावित पात्र हितग्राहियों की पहचान कर ली जाए, ताकि लोगों को मौके पर अधिक से अधिक लाभ मिल सके। जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं होगा, उनकी नियमित समीक्षा कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

 

रोजगार मेलों से युवाओं को मिलेगा अवसर

 

मुख्यमंत्री ने कौशल विकास विभाग द्वारा आयोजित रोजगार मेलों को ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने और चयनित युवाओं को रोजगार मेलों में नियुक्ति पत्र प्रदान करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

 

आंगनबाड़ियों में पोषण और जनभागीदारी पर जोर

 

अभियान के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, ‘मेरी पौष्टिक थाली’, चित्रकला प्रतियोगिता, न्योता भोज तथा फल एवं मिठाई वितरण जैसी गतिविधियां होंगी। पोषण चौपालों में माता-पिता की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

 

महतारी वंदन योजना का लाभ लेकर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। आंगनबाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए खिलौने उपलब्ध कराने में भी समुदाय की भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा।

 

विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ नुक्कड़ नाटक जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों, शाला प्रबंधन समितियों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। विशेष उपलब्धि हासिल करने वाले दिव्यांग बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी दिया जाएगा।

 

स्वच्छता, रक्तदान और पर्यावरण संरक्षण में होगी जनभागीदारी

 

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत रक्तदान, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त अभियान और स्वच्छता सहित जनसरोकार से जुड़ी 25 से अधिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। नदी घाटों की स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था, वृक्षारोपण और सौंदर्यीकरण पर भी ध्यान दिया जाएगा।

 

‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में होने वाली स्वच्छता गतिविधियों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रमों के बाद भी स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय स्तर पर समितियों के गठन पर जोर दिया गया है।

 

‘एक पेड़ मां के नाम’ से जुड़ेगा वृक्षारोपण अभियान

 

मुख्यमंत्री साय ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान होने वाले वृक्षारोपण को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जोड़ने के निर्देश दिए। जल संरचनाओं, सार्वजनिक स्थलों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर पौधरोपण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष प्रदेश में 2.5 करोड़ पौधे लगाने के निर्धारित लक्ष्य को पूरा किया जाएगा।

 

मुख्यमंत्री ने सभी कलेक्टरों और विभागीय अधिकारियों को अभियान की नियमित समीक्षा करने तथा विभागों के बीच बेहतर समन्वय के साथ कार्यक्रमों को संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता तभी मानी जाएगी, जब इसका प्रत्यक्ष लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे, पात्र परिवार शासकीय योजनाओं से जुड़ें, युवाओं को रोजगार मिले और स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा पर्यावरण संरक्षण में समाज की भागीदारी बढ़े।

 

इस अवसर पर मुख्य सचिव विकास शील, अपर मुख्य सचिव मनोज पिंगुआ, अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button