दुर्ग में 5 दुकानों को आग लगाने वाला आरोपी गिरफ्तार:दुर्ग में मोपेड को जलाने के बाद फैली आग, सीसीटीवी फुटेज से पकड़ाया आरोपी
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिला मुख्यालय में गांधी चौक हटरी बाजार में 5-5 दुकानों को आग के हवाले करने वाले आरोपी को दुर्ग पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
दुर्ग कोतवाली थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि 16 मार्च की रात हटरी बाजार में 4 जूते चप्पल और एक इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकान में आग लगने से बड़ा नुकसान हुआ था। इस मामले में पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिला था। उसके जरिए पता चला कि आग को लगाया गया है। फुटेज के आधार पर पुलिस ने हटरी बाजार निवासी नानू नाम के लड़के को गिरफ्तार किया है। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।








आग बुझने के बाद आरोपी ने फिर से आग लगाई
कोतवाली टीआई ने बताया कि नानू ने वहां खड़ी मोपेड को आग लगाया था। उसने उस रात ऐसा दो बार किया। पहली बार आग लगाने पर वहां से गुजर रही 112 की टीम ने आग को बुझा दिया था। जैसे ही टीम वहां से निकली नानू फिर से वहां पहुंच गया और मोपेड में आग लगा दिया। इस बार उसने वहां कुछ तेल और वहां पड़े सामान के जरिए आग लगाई।
इस आगजनी में करोड़ों का हुआ नुकसान




आग लगने के कुछ देर बाद ही मोपेड जलने लगी और उसके ऊपर रखे कचरे के जरिए आग दुकानों तक पहुंच गई। इस दौरान आरोपी वहां मौजूद था और उसने आग को फैलने दिया। इससे आग ने एक-एक करके 5 दुकानों को अपनी गिरफ्त में लिया और वहां का सामान जलकर राख हो गया। इससे व्यापारियों का करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ है।
पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
हटरी बाजार में लगी आग को काफी मशक्कत के बाद बुझाया गया। तीन-तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं। लेकिन इस घटना के बाद व्यापारी पुलिस की गश्त और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उनका कहना है कि जब पुलिस एक बार आग बुझाकर गई तो वहां कुछ देर तक डायल 112 की टीम को रुकना था। या फिर गश्त करते रहना था। यदि पुलिस ऐसा करती तो वहां आगजनी की घटना नहीं होती।




