Uncategorized

रायपुर में धर्मांतरण को लेकर हंगामा-तोड़फोड़:एक घर में जमा थे 100 से ज्यादा लोग, बजरंग दल ने किया विरोध; पुलिस बल तैनात

By Dinesh chourasiya

राजधानी में रायपुर में रविवार को धर्मांतरण को लेकर जमकर बवाल हुआ। टाटीबंध में धर्म परिवर्तन के आरोप में बजरंग दल ने जमकर तोड़फोड़ और हंगामा किया है। बजरंग दल का आरोप है कि, एक घर में करीब 100 से ज्यादा लोग जमा थे। जिनका धर्मांतरण कराया जा रहा था।

इसकी सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बजरंग दल कार्यकर्ता मौके पर पहुंचकर इसका विरोध जताया। इसी दौरान विवाद हो गया। पुलिस ने हंगामे की सूचना पर पहुंचकर विवाद को शांत कराया। घटना आमानाका थाना इलाके के टाटीबंध स्थित अनुकम्पा नगर की है।

हंगामा के दौरान घर के भीतर जमकर तोड़फोड़ भी हुई है।

धर्मांतरण की मिली थी शिकायत

इस मामले में बजरंग दल के जिला अध्यक्ष योगेश सैनी ने बताया कि, आसपास के गांव वालों ने हमें धर्मांतरण की शिकायत दी। उनके परिवार के कई सदस्यों का धर्मांतरण करवाया गया है। इसके बाद हम मौके पर पहुंचे। टाटीबंध के पास एक घर के भीतर करीब 100 से ज्यादा लोग मौजूद थे। भीतर में धर्मांतरण चल रहा था। कार्यकर्ताओं ने घर को घेर लिया।

पुलिस से सख्त एक्शन की मांग

इस हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर आमानाका पुलिस समेत भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया। पुलिस ने बीच बचाव कर हंगामा को शांत कराया। हंगामे के दौरान घर के भीतर जमकर तोड़फोड़ भी हुई है। इस मामले में बजरंग दल की मांग है कि, धर्मांतरण करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त एक्शन किया जाए। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले की जांच कर रही है।

जांच में जुटी पुलिस

आमानाका थाना प्रभारी सुनील दास का कहना है कि, हमें एक घर में हंगामे की सूचना मिली थी। अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर पहुंचकर मामला शांत करवाया गया है। अब इस मामले में प्रारंभिक जांच पड़ताल के आधार पर पुलिस FIR दर्ज कर रही है।

क्लब में नाबालिगों को शराब परोसने पर भी बवाल

रायपुर में शनिवार देर रात तक क्लब में शराब परोसने की सूचना मिलने पर भी विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे थे। उनका आरोप है कि, हाइपर क्लब सहित VIP रोड के अन्य क्लब में नाबालिगों को शराब परोसी जा रही थी।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले को शांत करवाया। इस मामले में कार्यकर्ताओं ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ एक्शन लेने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button