Uncategorized

छत्तीसगढ़ में 12 बजे तक 35% वोटिंग:धमतरी में मतदान के दौरान हार्ट-अटैक से मौत; सूरजपुर-रायगढ़ में वोट के लिए बांटे गए बाल्टी-पैसे

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में वोटिंग के दौरान धमतरी के पोलिंग बूथ में एक मतदाता की मौत हो गई। नगर पंचायत वार्ड क्रमांक 12 में वोटिंग के लिए पहुंचे कुंजबिहारी बेहोश हो गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हार्ट अटैक आने की आशंका है। वहीं सूरजपुर और रायगढ़ में कांग्रेसियों ने भाजपा प्रत्याशियों पर वोट के लिए बाल्टी और पैसे बांटने का आरोप लगाया है।

छत्तीसगढ़ में सुबह 12 बजे तक 35% वोटिंग हुई है। इससे पहले रायपुर में भाजपा की मेयर प्रत्याशी मीनल चौबे ने चंगोराभाटा स्थित मतदान केंद्र में वोट डाला। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी दीप्ति दुबे ने भी वोटिंग की। रायगढ़ में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सुबह 8 बजे सत्तीगुड़ी चौक स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर वोट डाला।

इस बीच रायपुर बिलासपुर, राजनांदगांव और धमतरी के कुछ मतदान केंद्रों में ईवीएम खराबी की शिकायत मिली। कुछ देर तक वोटिंग प्रभावित रही। मशीन को सुधारने के बाद दोबारा मतदान शुरू हो गए हैं।

बिलासपुर के हेमू नगर स्थित मतदान केंद्र क्रमांक 8 में ईवीएम खराब होने से सुबह 8:30 बजे वोटिंग शुरू हुई। राजनांदगांव के लेबर कॉलोनी और प्यारेलाल स्कूल स्थित मतदान केंद्र में भी ईवीएम मशीन खराब होने से वोटिंग प्रभावित हुई है। जिसके बाद मशीन सुधार लिया गया है।

बता दें कि वोटिंग सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है, जो शाम 5 बजे तक चलेगी। 10 नगर निगम और 49 नगर पालिका के अलावा 114 नगर पंचायत में भी वोट डाले जा रहे हैं। काउंटिंग 15 फरवरी को होगी।

Related Articles

Back to top button