दुर्ग रेलवे स्टेशन में वेंडर ने की जमकर यात्री की पिटाई आरोपी वेंडर को रेल्वे पुलिस ने लिया हिरासत में
By Dinesh chourasiya

दुर्ग रेलवे स्टेशन में वेंडर ने एक यात्री से जमकर मारपीट की। बैग में पैर से धक्का लगने पर पीड़ित कालिदास ने वेंडर चंदन सोनकर (19) से देखकर चलने को कहा, जिसपर वेंडर ने यात्री की पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान प्लेटफॉर्म पर हंगामा हो गया।
आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने किसी तरह मामला शांत करवाया और दोनों पक्षों को जीआरपी थाने लेकर आए। पीड़ित कालिदास ने कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही। पुलिस ने स्टेशन का माहौल खराब करने के चलते आरोपी वेंडर के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई कर गिरफ्तार किया है।







प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुआ हंगामा
जानकारी के मुताबिक, मामला रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। जब दुर्ग से बालाजी नगर खुर्सीपार निवासी यात्री कालिदास साहू (42) अपने परिवार के साथ शोक कार्यक्रम में पुरी की तरफ जा रहा था। उसकी ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आने वाली थी। वह पुरी-अहमदाबाद ट्रेन का इंतजार करते खड़ा था, पास ही उसका बैग भी रखा हुआ था।

वेंडर के पैर से लगकर दूर फेंका गया था कालिदास का बैग




तभी दुर्ग स्टेशन का ही वेंडर चंदन सोनकर (19) तेजी से वहां से जा रहा था। तभी वेंडर के पैर से लगकर कालिदास का बैग दूर फेंका गया। उसने देखकर चलने को कहा। इतने में वेंडर आग बबूला हो गया और दोनों में विवाद हो गया। विवाद देखकर अन्य वेंडर भी वहां पहुंच गए।
पिटाई में यात्री का फटा बैग
फिर वेंडर चंदन ने यात्री कालिदास की जमकर पिटाई कर दी। जिससे उसका सिर फट गया था। जानकारी के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और मामला शांत करवाकर दोनों को थाने लेकर गए। यात्री कालिदास ने कोई कार्रवाई नहीं चाहने की बात लिखकर दे दिया।
स्टेशन के आधे से अधिक कैमरे खराब
वहीं स्टेशन में लगे कैमरों में घटना का सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर कुछ भी नजर नहीं आया है। बताया जा रहा है कि स्टेशन के आधे से अधिक कैमरे खराब हैं। इसके चलते कई बार यात्रियों का कुछ सामान गुम हो जाने पर कैमरे से कोई मदद नहीं मिल पाती। इसके चलते बदमाशों के हौसलें और बुलंद हो रहे हैं।
कमर्शियल इंस्पेक्टर को परिवार ने था पीटा
बताया जा रहा है कि वेंडर चंदन सोनकर के परिवार ने दुर्ग स्टेशन में ही कुछ महीने पहले सीआई विद्या सागर से मारपीट की थी। इस मामले में एफआईआर भी हुई थी। हालांकि उस घटना मे चंदन शामिल नहीं था।
जीआरपी थाना टीआई राज कुमार बोरझा ने बताया कि कल पुरी जाने वाली गाड़ी का इंतजार कर रहे यात्री के साथ मारपीट की घटना हुई थी। लेकिन यात्री शोक के माहौल में था और कोई कार्रवाई नहीं चाहने की बात कही। आरोपी वेंडर के खिलाफ माहौल खराब करने को लेकर प्रतिबंधात्मक धारा के तहत कार्रवाई की है।





