Uncategorized

भिलाई में भाजपा पार्षद और पार्षद के पति ने शासकीय जमीन को बेचा:फर्जी दस्तावेज तैयार कर करोड़ों की शासकीय जमीन का किया फर्जीवाड़ा 

By Dinesh chourasiya

जमीन फर्जीवाड़ा करने के आरोपी - Dainik Bhaskar

दुर्ग पुलिस ने शासकीय जमीन पर कब्जा करने वाले और उसके फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेचने वाले वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के मास्टर माइंड भिलाई नगर निगम में वार्ड 33 संतोषीपारा कैंप 2 की भाजपा पार्षद एन शैलजा राजू के पति एन धन राजू और वार्ड 34 वीर शिवाजी वार्ड कैंप 2 से भाजपा पार्षद संतोष नाथ सिंह उर्फ जलंधर हैं।

जलंधर और एन धन राजू ने राजनांदगांव जिले के रहने वाले कुछ लोगों के साथ फर्जी गवाह, फर्जी ऋण पुस्तिका और दस्तावेज तैयार कर करोड़ों की शासकीय जमीन की पॉवर ऑफ अटर्नी तैयार की और उसे लोगों को बेच दिया। एडिशनल कलेक्टर क्षमा यदु ने इनके खिलाफ मामला दर्ज कराया। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से कंप्यूटर सिस्टम, कलर प्रिंटर, 3 मोबाइल, आधार कार्ड, 2 फर्जी ऋण पुस्तिका और अन्य सामग्री जब्त किया है।

दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला ने इस पूरे मामले का खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त तहसीलदार दुर्ग क्षमा यदु (32 साल) ने वैशाली नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बाबा दीपसिंह नगर में स्थित करोड़ों की शासकीय जमीन के फर्जीवाड़े की शिकायत वैशाली नगर थाने में दी थी।

मामले का खुलासा करते दुर्ग एसपी जितेंद्र शुक्ला व अन्य अधिकारी

पुलिस को ये शिकायत 21 मार्च 2023 को मिली थी। पुलिस ने शिकायत में पाया कि 0.023 हेक्टेयर जमीन जोन कमांक 2 वार्ड नंबर 14 बाबादीप सिंह नगर में कब्जा की गई है। यह जमीन शासकीय जमीन है, लेकिन इसे वार्ड 33 की भाजपा पार्षद एन शैलजा के पति एन धन राजू ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर मुकेश यावने को बेज दिया। एन धन राजू ने उस जमीन को अरविंद भाई के माध्यम से बिकवाया था। यह जमीन कागजात में उद्योग विभाग के नाम से दर्ज है। इस पर वैशाली नगर थाने में धारा 420, 34 के तहत ठगी का मामला दर्ज किया।

पुलिस द्वारा जब्त की गई फर्जी ऋण पुस्तिका व मोबाइल फोन

फर्जी पहचानकर्ता को खड़ा कर बिकवा दी जमीन

पुलिस ने जांच में पाया कि 18 जुलाई 2017 को हरीश चंद राठौर ने खसरा 5407/3, 5407/4 रकबा 0.07, 0.09 हेक्टयर को फर्जी पहचानकर्ता खड़ा कर बिकवा दिया। इसके लिए जमीन मालिक अ​रविंद भाई की जगह पुरुषोत्तम डोंगरे (65 साल) निवासी शांति नगर चिखली जिला राजनांदगांव को खड़ा किया गया। इसी तरह पहचानकर्ता गवाह की जगह तिलकचंद गोडाने (34 साल) निवासी पेन्ड्री अटल आवास राजनांदगांव और खेमचंद उर्फ खेमू डोंगरे (28 साल) निवासी मोतिकपुर सुनालचाल थाना चिखाली राजनांदगांव को खड़ा किया गया।

पहले लिया पावर ऑफ अटॉर्नी

आरोपियों ने पहले फर्जी जमीन मालिक और पहचानकर्ता को खड़ा करके अपने नाम पर जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी लिया। इसके लिए फर्जी दस्तावेज दुर्गा कंप्यूटर मालवीय रोड से संतोष साहू से बनवाए गए। उसने लाइसेंसी ईश्वर यादव के नाम पावर ऑफ अटॉर्नी बनवाया। फिर हरीश राठौर ने पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार कर ऋण पुस्तिका हेमंत सोनवानी से 5000 में प्राप्त किया।

10-10 लाख रुपए बेच दी जमीन

एन धनराजू और संतोष नाथ उर्फ जांबर ने हरीश से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर 10-10 लाख रुपये में 20 जुलाई 2017 को रजिस्ट्री करा लिया। एन धनराजू ने बताया कि भूस्वामी अरविंद भाई के खाते की जानकारी रजिस्ट्री में लेख नहीं की गई है और न ही अब तब की विवेचना में किसी के अरविंद या पुरुषोत्तम के खाते में जमीन बेचने का लेख किया गया है।

पुरुषोत्तम डोंगरे बना अरविंद भाई

पुरुषोत्तम डोंगरे निवासी शांति नगर चिखली राजनांदगांव अरविंद भाई की जगह खड़े होकर पावर ऑफ अटॉर्नी लिया। उसने उप पंजीयक के सामने खड़े होकर फर्जी दस्तावेज दिया और खुद को अरविंद भाई बताया। इसलिए उसके खिलाफ धारा 420,467,468,471,120 बी के तहत मामला दर्ज किया गया।

इस तरह पावर ऑफ अटॉर्नी में तिलकचंद गोडाने निवासी पेन्ड्री अटल आवास राजनांदगांव और खेमचंद उर्फ खेमू डोंगरे निवासी मोतिकपुर चिखाली राजनांदगांव फर्जी गवाह बनकर खड़े हुए। उन्होंने उप पंजीयक के सामने गवाही दी कि पुरुषोत्तम ही अरविंद भाई है।

फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाला भी गया जेल

हरीशचंद राठौर (48 साल) निवासी सेक्टर 2 सड़क नंबर 3 क्वाटर नंबर 8/बी के खिलाफ भी ठगी का मामला दर्ज कर जेल भेजा गया है। उसने जानते हुए भी कि पुरुषोत्तम अरविंद भाई नहीं है, अरविंद की जमीन के पावर ऑफ अटॉर्नी पेपर तैयार करवाया। साथ ही पुरुषोत्तम को अरविंद भाई की जगह खड़ा कर पावर ऑफ अटॉर्नी के पेपर दिलवाए। इसके लिए उसने पुरुषोत्तम से 50 रुपये लिए थे।

फर्जी लाइसेंस तैयार करने वाला भी गिरफ्तार

पुलिस ने फर्जी लाइसेंस तैयार करने वाले संतोष कुमार साहू (46 साल) निवासी दीपक नगर मालवीय चौक थाना मोहन नगर दुर्ग के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। संतोष ने फर्जी लाइसेंस तैयार किया। लाइसेंस में ईश्वर यादव का नाम एडिट कर उसकी जगह अरविंद भाई का नाम लिखवाया। इस तरह उसने फर्जी लाइसेंस तैयार किया।

भाजपा पार्षद शंतोष नाथ उर्फ जलंधर डिप्टी सीएम अरुण साव के साथ

भाजपा पार्षद एन शैलजा का कहना है कि दुर्ग एसपी ने प्रेस कांफ्रेस में जो भी आरोप लगाए हैं वो पूरी तरह से गलत हैं। उनके पति एन धन राजू ने किसी प्रकार का कोई भी शासकीय जमीन का फर्जीवाड़ा नहीं किया है। वहीं भाजपा पार्षद जलंधर ने अपने दोनों फोन स्विच ऑफ कर लिए हैं।

भाजपा पार्षद पति और पार्षद दोनों दोस्त

भाजपा पार्षद पति एन शैलजा और भाजपा पार्षद जलंधर दोनों आपस में दोस्त हैं। इन्होंने मिलकर जमीन का फर्जीवाड़ा किया है। जलंधर ने मामला दर्ज हो जाने के बाद भी बाबा दीप सिंह नगर की जमीन को बेचने का प्रयास किया है। जलंधर की पहुंच भाजपा के बड़े नेताओं तक है, इसलिए पुलिस उसे पकड़ने से पीछे हट रही हैं। वहीं एन धन राजू जमानत पर है।

इनके खिलाफ भी मामला दर्ज

  • हेमंत सोनवानी (63 साल) निवासी एम.डी. 345 बोरसी थाना पदनाभपुर जिला दुर्ग
  • टीकाराम महोबे उर्फ भाउ ( 64 साल) निवासी जंयति नगर धान मंडी के पीछे दुर्ग
  • संजय शर्मा (45 साल) निवासी मठपारा चंडी मंदिर के पास दुर्ग
  • कोटवार रांजनांदगाव
  • आरोपी संतोष नाथ उर्फ जलंधर (पुलिस की नजर में फरार, जबकि वो शहर में है।)
  • एन. धनराजू अग्रिम जमानत पर है।

Related Articles

Back to top button