By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में जमीन विवाद में 3 लोगों की जान चली गई। दो गुटों में हिंसक झड़प हुई जिसमें एक ही परिवार के पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई। मारे गए तीनों लोग स्थानीय पत्रकार के परिवार के

छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में जमीन विवाद में 3 लोगों की जान चली गई। दो गुटों में हिंसक झड़प हुई जिसमें एक ही परिवार के पति-पत्नी और बेटे की मौत हो गई। मारे गए तीनों लोग स्थानीय पत्रकार के परिवार के बताए जा रहे हैं।मामला, प्रतापपुर थाना इलाके का है।
जानकारी के मुताबिक, जगन्नाथपुर गांव में शुक्रवार को संयुक्त खाते की जमीन को लेकर परिवार के दो पक्षों में विवाद चल रहा था। विवादित भूमि पर उमेश टोप्पो, नरेश टोप्पो (30 साल) अपनी मां बसंती टोप्पो (55 साल) और पिता माघे टोप्पो (57 साल) के साथ खेती करने पहुंचे। इसी बीच दोपहर करीब 1 बजे माघे टोप्पो के भाई के परिवार के 6-7 लोग भी पहुंच गए।








विवाद के बाद कुल्हाड़ी से हमला, 3 की मौके पर मौत
इस दौरान खेती करने को लेकर विवाद हो गया। कुछ देर में विवाद हिंसक झड़प में बदल गई। दूसरे पक्ष ने माघे टोप्पो के परिवार पर कुल्हाड़ी और लाठियों से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट आने से बसंती टोप्पो और नरेश टोप्पो की मौके पर मौत हो गई।
वहीं, माघे टोप्पो गंभीर रूप से घायल हो गया। माघे को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर लाया गया। यहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हमले के दौरान माघे के एक और बेटे उमेश टोप्पो ने भागकर जान बचाई और ग्रामीणों को सूचना दी।




वारदात के बाद आरोपी भागे
घटना के बाद आरोपी भाग निकले। सूचना मिलने पर खड़गवां चौकी प्रभारी योगेंद्र जायसवाल की टीम मौके पर पहुंची। प्रतापपुर से भी पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं। बताया गया कि, विवादित जमीन जगन्नाथपुर कोल माइंस के सामने है। हमलावरों ने खेती करने से मना किया था। दूसरा परिवार खेती करने के लिए पहुंचा, तो विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
SDM कोर्ट में भी चल रहा था मामला
जिस जमीन को लेकर बवाल हुआ उसमें पहले हमलावर परिवार खेती-बाड़ी करता था। हालांकि लंबे समय से SDM कोर्ट प्रतापपुर में मामला विचाराधीन था। इसके बाद कोर्ट से मृतक परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया गया था। फैसले के बाद पीड़ित परिवार खेती बाड़ी करने पहुंचा इसी दौरान उन पर हमला हो गया।




