Uncategorized

PM मोदी और अमित शाह आज चंडीगढ़ आएंगे:3 नए क्रिमिनल कानूनों की समीक्षा करेंगे; प्रदर्शन करने पहुंचे यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता हिरासत में

By Dinesh chourasiya

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज चंडीगढ़ आ रहे हैं। दोपहर 12 बजे के बाद वह पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC) में हाल ही में लागू किए गए 3 नए क्रिमिनल कानून भारतीय दंड संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की समीक्षा करेंगे। उनके साथ गृह मंत्री अमित शाह भी मौजूद रहेंगे।

PM के आने से पहले यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ नगर निगम के लिए फंड की घोषणा करने के लिए प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और यूथ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक लुबाना, प्रदेश महासचिव कपिल चोपड़ा व अन्य को हिरासत में ले लिया।

पीएम मोदी के दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ को नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया गया है। चंडीगढ़ पुलिस के अलावा पंजाब और हरियाणा पुलिस भी अलर्ट पर है। पुलिस ने लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

प्रधानमंत्री का हेलिकॉप्टर राजिंद्रा पार्क में उतरेगा, जहां से वे सड़क मार्ग से PEC पहुंचेंगे। इस दौरान राजिंद्रा पार्क से PEC तक का रास्ता पूरी तरह बंद रहेगा और सिर्फ VVIP मूवमेंट की ही इजाजत होगी।

पुलिस ऑफिस PM को मामला सुलझाकर दिखाएंगे

PM को पुलिस ऑफिसर मामलों को सुलझाकर दिखाएंगे। इसके लिए पूरा सेटअप तैयार किया गया है। PM के सामने हत्या का सीन प्रदर्शित किया जाएगा। कंट्रोल रूम पर सूचना मिलने के बाद पुलिस का अगला कदम क्या होता है। सबूत व तथ्यों को जुटाने के तरीकों के बारे में बताया जाएगा।

जांच के समय तथ्यों को किस तरह प्रयोग किया जाता है, फोरेंसिक टीम, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मॉडर्न टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कैसे होगा, इसके बारे में विस्तार से बताया जाएगा। केस समझाने के लिए कोर्ट बनाई जाएगी, जिसमें मुकदमा चलने से लेकर आरोपियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया के बारे में बताया जाएगा।

1980 से बंद पड़ी सड़क से गुजरेगा PM का काफिला मोदी एयरपोर्ट से हेलिकॉप्टर के माध्यम से राजिंद्रा पार्क में बनाए गए हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वह पंजाब CM हाउस के सामने से जाने वाली सड़क होते हुए PEC पहुंचेंगे। जिस सड़क से वह गुजरेंगे, वह साल 1980 के आतंकवादी हमलों के समय से बंद है। मई 2024 में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट ने इस सड़क को खोलने के आदेश दिए थे।

फिर यह मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया था। जिसमें पंजाब CM की सुरक्षा का तर्क दिया गया था। शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट के आदेशों पर रोक लगा दी थी।

रात को पंचकूला में रुके अमित शाह अमित शाह सोमवार रात को ही चंडीगढ़ पहुंच गए थे। पहले उनका चंडीगढ़ स्थित राजभवन में रुकने का प्रोग्राम था। आखिरी समय में प्रोग्राम बदल दिया गया। इसके बाद अमित शाह पंचकूला स्थित PWD रेस्ट हाउस में ठहरे।

चंडीगढ़ में इन सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्ट चंडीगढ़ पुलिस मध्य मार्ग पर ढिल्लों लाइट पाॅइंट से एपी चौक (सेक्टर 7/8-18/19) और दक्षिण रास्ते पर एयरपोर्ट लाइट पॉइंट से न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20/21-33/34) की ओर ट्रैफिक डायवर्ट करेगी।

VVIP की आवाजाही के दौरान सरोवर पथ पर न्यू लेबर चौक (सेक्टर 20/21-33/34) से हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6-7/8 चौक) और विज्ञान पथ पर हीरा सिंह चौक (सेक्टर 5/6-7/8 चौक) से पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज लाइट पॉइंट की ओर ट्रैफिक डायवर्ट किया जाएगा।

भारी कॉमर्शियल वाहनों पर रोक VVIP मूवमेंट के चलते पंचकूला पुलिस ने सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पंचकूला की तरफ से चंडीगढ़ जाने वाले भारी कॉमर्शियल वाहनों पर रोक लगा दी है। पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे पंचकूला की तरफ जाने की बजाय जीरकपुर से होकर जाएं।

इसके अलावा जो वाहन चालक हिमाचल से होकर जाना चाहते हैं, उन पर कोई रोक नहीं है। हालांकि, जो व्यक्ति हिमाचल से पंचकूला होते हुए चंडीगढ़ जाना चाहता है। वह वाहन चालक चंडीगढ़ जाने के लिए जीरकपुर से होकर जाने वाला रूट चुन सकता है।

————————-

Related Articles

Back to top button