
CG में प्लास्टिक फैक्ट्री में लगी भीषण आग.:रात ढाई बजे धुआं और लपटें देखकर घबरा गए रहवासी, पास में ही पटाखा फैक्ट्री
By Dinesh chourasiya
बिलासपुर में शुक्रवार की देर रात एक प्लास्टिक फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। रिहायशी इलाके में फैक्ट्री के पास धुओं का गुबार और आग की लपटें देख लोग घबरा गए। फौरन इसकी जानकारी पुलिस और दमकल को दी। 2 फायरब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया।
सिटी कोतवाली और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सीमावर्ती मोहल्ला मसानगंज स्थित सरजू बगीचा के पास रिहायशी इलाके में प्लास्टिक फैक्ट्री है। बताया जा रहा है कि रात करीब 2.30 बजे गार्ड ने फैक्ट्री में आग की लपटों के साथ धुओं का गुबार उठते देखा।







।धू-धूकर जलने लगा प्लास्टिक का कचरा
बताया जा रहा है कि जिस जगह पर आग लगी थी, वहां प्लास्टिक का कचरा फैला था। शुरुआत में लोगों को लगा कि कचरे के ढेर में आग लगी है, लेकिन देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। आसमान धुआं-धुआं हो गया।
एक घंटे की मशक्कत के बाद बुझी आग




रिहायशी इलाके में आग लगने की सूचना पर दमकल को पहुंचने में देर लगी। गली संकरी और कम चौड़ी होने के कारण दमकल को घुमाकर मौके पर ले जाना पड़ा। जब तक दमकल पहुंची, तब तक आग उग्र हो गई थी।
दमकल कर्मियों ने तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू किया और पानी की बौछारें मारकर आग को बुझाने की कोशिश की। इस दौरान करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग को काबू में किया गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
पास ही है पटाखा गोदाम, टल गया बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि जिस जगह पर प्लास्टिक फैक्ट्री है, वहीं पर पटाखा गोदाम भी है। इसके साथ ही आसपास रिहायशी इलाका भी है, जिसके कारण आग फैलने की आशंका थी। आग अगर पटाखा गोदाम तक पहुंचता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। कहा जा रहा है कि बिजली की शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी होगी। फैक्ट्री मालिक और कर्मचारियों से पूछताछ कर पुलिस आग के कारणों का पता लगा रही है।




