छत्तीसगढ़

भूपेश बोले- महादेव ऐप संचालक भाजपाइयों के करीबी:भिलाई के वैशाली नगर में कहा- चुनाव में 50-55 सीट आए तो 5-10 को ED ले जाएगी, 75 में गुंजाइश नहीं

By Dinesh chourasiya

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने महादेव ऑनलाइन सट्टा के संचालकों को भाजपा के बड़े नेताओं का करीबी बताया है। उनके मुताबिक इस बार विधानसभा चुनाव में 50-55 सीटें आईं तो 5-10 विधायकों को ईडी उठाकर ले जाएगी। लेकिन ​कांग्रेस 75 सीटें लाई तो कोई गुंजाइश नहीं बचेगी। उन्होंने ये बातें भिलाई के वैशाली नगर में प्रचार के दौरान कही।

भूपेश बघेल ने सोमवार शाम को दुर्ग में विधानसभा प्रत्याशियों के लिए रैली निकाली। इस दौरान दुर्ग शहर के कांग्रेस प्रत्याशी अरुण वोरा और दुर्ग ग्रामीण के प्रत्याशी गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी मौजूद रहे। रैली के बाद सीएम सत्ती चौरा मंदिर पहुंचे। यहां तीनों प्रत्याशियों ने माथा टेकर माता से आशीर्वाद लिया।

भूपेश बघेल बोले ईडी और आईटी के माध्यम से भाजपा चुनाव लड़ रही है। अपनी लकीर बढ़ा नहीं पाई और अब वो ईडी-आईटी के जरिए कांग्रेस की लकीर छोटी करने में लगी है। जिस तरह से ईडी के अधिकारियों ने प्रेस नोट जारी किया है वो निर्वाचन आयोग के नियमों के विपरीत है।

पारंपरिक नाच गाने के साथ सीएम का रोड शो।

सीएम ने कहा कि उनके दिल्ली के नेताओं ने निर्वाचन आयोग से समय मांगा है तो उन्हें समय तक नहीं मिल रहा है। वो इस पर रोक लगाना चाहते हैं कि आप अगर कोई जांच कर रहे हैं और उसे पब्लिक डोमेन में डालते हैं तो उससे चुनाव प्रभावित हो सकता है।

वैशाली नगर में सीएम को सुनने पहुंचे सैकड़ों की संख्या में लोग।
वैशाली नगर में सीएम को सुनने पहुंचे सैकड़ों की संख्या में लोग।

सबसे बड़ा इस समय तो निर्वाचन आयोग है, हमारे नेता उनके पास गए हैं। वो समय नहीं दे रहे हैं। सीएम ने कहा कि भाजपा जिसका नाम महादेव में डलवाना चाह रही है डलवा दे। आप लोग भी उसका मजा लीजिए। उन्होंने कहा उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है, क्योंकि वो सीधे जनता के बीच हैं।

सीएम ने चुनावी सभा को किया संबोधित।

पत्रकारों को घर और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण

पत्रकारों को सुविधा देने की बात को लेकर सीएम ने कहा कि पत्रकारों का रिटायरमेंट 60 साल से बढ़ाकर 62 साल किया। उनको जो पेंशन 5 हजार मिल रही थी उसे बढ़ाकर 10 हजार किया। ब्लॉक लेबल पर अधिमान्यता दी जा रही है।

आवास की बात है तो राजनांदगांव को मिल चुका है आप लोगों को भी उसी आधार पर मिलेगा। इस दौरान महिला पत्रकारों को अधिमान्यता में 33 प्रतिशत आरक्षण के सुझाव को सीएम ने सराहा और कहा कि आगे वो इसे करेंगे।

महादेव के संचालक सौरभ और रवि नेता प्रतिपक्ष के करीबी

महादेव बुक को सीएम ने भाजपा के करीबियों का बताया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति पैसा के साथ पकड़ा गया वो भारतीय जनता पार्टी के व्यक्ति के करीबी हैं। जो गाड़ी पकड़ी गई वो भाजपा के बड़े नेता को रिश्तेदार की गाड़ी है। जो लोग अभी तक सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल का नाम महादेव को लेकर सुनते थे। उनका फोटो नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल के साथ दिखाई देता है।

परसों ईडी जो प्रेस नोट जारी की गई उसमें शुभम सोनी को अधिकारी बताया गया और अब वो महादेव का मालिक बन गया। प्रेस विज्ञप्ति ईडी जारी करती है। वीडियो भाजपा जारी करता है। तो इसमें सिर्फ आनंद लीजिए। 17 तारीख तक अभी बहुत सारे इस तरह के वीडियो आएंगे।

छावनी और खुर्सीपार के हर परिवार को मिलेगा पट्टा

सोमवार रात मुख्यमंत्री छावनी में आम सभा को संबोधित करने पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 15 साल तक कोई काम नहीं किया और अब लोगों को गुमराह कर रहे हैं। इस बार राज्य में उनकी सरकार बनेगी तो वह 475 में सिलेंडर देंगे। यदि भाजपा आई तो वो ₹500 में सिलेंडर देगें। मोदी को चाहिए कि वो पूरे देश में सिलेंडर के दाम ₹500 कर दें। भाजपा सिर्फ गुमराह कर सकती है जनता के हित में कोई काम नहीं कर सकती है।

इस दौरान भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने कहा कि हमने 5 सालों तक इस क्षेत्र का पूरा विकास किया है। इसका हर वर्ग को लाभ मिला है। आगे फिर कांग्रेस की सरकार आएगी तो और भी विकास कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि छावनी क्षेत्र और खुर्सीपार के लोगों को पट्टा वितरण अब तक 300 लोगों को हुआ है। 1700 लोगों का सर्वे में नाम है। इन सभी को आने वाले दिनों में पट्टा मिलेगा। इस दौरान वैशाली नगर के प्रत्याशी मुकेश चंद्राकर भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button