भिलाई के सेक्टर 2 गणेश पंडाल में पानी लेकर पहुंचे टैंकर चालक की करंट लगने से मौत फिश टैंक भरने के लिए पानी लेकर पहुंचा, मोटर फिट करते समय हुआ हादसा
By Dinesh chourasiya
भिलाई टाउनशिप में भट्टी थाना अंतर्गत सेक्टर-2 में निर्माणाधीन गणेश पंडाल में एक टैंकर चालक करंट की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस पूरी घटना में आयोजन समिति और ठेकेदार की लापरवाही सामने आ रही है।
सेक्टर 2 में हर साल की तरह इस बार भी गणेश उत्सव की तैयारी जोरों से चल रही है। इस बार यहां अलग झांकी तैयार की जा रही है। इसको लेकर यहां एक बड़ा फिश टैंक भी बनाया गया है। फिश टैंक में पानी भरने के लिए ठेकेदार जुनैब खान को काम सौंपा गया था। जुनैब ने मटंग गाड़ाडीह निवासी संतोष कुमार साहू (46 साल) को टैंकर से पानी लेकर भेजा था।








शुक्रवार शाम 4.30 बजे के करीब संतोष टैंकर लेकर पंडाल में पहुंचा। इसके बाद बिना किसी सुरक्षा उपकरण और हाथों में ग्लब्स पहने उसमें मौटर फिट करने लगा। ऐसा कहा जा रहा है कि जब वो मोटर फिट कर रहा था तो करंट की लाइन चालू थी। इससे वो करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस मामले में थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा का कहना है कि घटना के बाद लोग ट्रैक्टर चालक को सुपेला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस मर्ग कायम कर जांच कर रही है। घटना कैसे हुई इसकी जानकारी के लिए वहां मौजूद लोगों और परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं।
आयोजन समिति ने घटना से किया इंकार




आयोजन समिति के अध्यक्ष जे. श्रीनिवास राव ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया है। उनका कहना है कि यह घटना पंडाल के पास नहीं हुई, बल्कि भिलाई विद्यालय मैदान के पास हुई है। जब ये घटना हुई तब समिति के लोग आमंत्रण देने रायपुर गए हुए थे। इसी दौरान उन्हें पता चला कि कोई टैंकर से गिर गया है। जांच के बाद ही पूरी सच्चाई का पता चलेगा।
ठेकेदार ने कहा कैसे करंट लगा पता नहीं चला
ठेकेदार जुनैब खान का कहना है कि संतोष उनके यहां काफी समय से काम कर रहा है। पहली बार करंट लगने की घटना हुई है। ऐसा कैसे हुए समझ में नहीं आ रहा है। ठेकेदार ने पूरी मामले की जांच की मांग की है।
बीएसपी प्रबंधन की लापरवाही आ रही सामने
भिलाई टाउनशिप में भिलाई स्टील प्लांट अपनी खुद की बिजली सप्लाई करता है। यहां सीएसपीडीसीएल की बिजली सप्लाई नहीं होती। इसलिए यहां बिजली मेंटिनेंस का काम भी बीएसपी खुद करता है। गणेश पूजा के दौरान सभी आयोजकों द्वारा बिना बीएसपी की परमिशन के बिना सड़कों से लेकर पंडाल के आसपास तक लाइट लगाने के लिए नंगी तारों का जाल बिछा दिया जाता है। यह हर समय बड़ी दुर्घटना को आमंत्रण दे रहा है। इसके लेकर बीएसपी ने पिछले दिनों कुछ पंडाल संचालकों को नोटिस जारी किया है, लेकिन कार्रवाई कुछ नहीं हो रही है।




