भिलाई विधायक देवेंद्र यादव कांवड़ लेकर पहुंचे प्रचीन शिव मंदिर:शिवनाथ नदी से जल लेकर हर साल करते हैं जलाभिषेक
By Dinesh chourasiya
भिलाई विधायक देवेंद्र यादव ने हर साल की तरह इस बार भी सावन सोमवार के दिन शिवनाथ नदी घाट दुर्ग से कांवड़ में जल लेकर 30 किलोमीटर लंबी पदयात्रा की। हजारों भक्तों के साथ पैदल चलकर वो देव बलोदा प्राचीन शिव मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान उनके साथ भिलाई महापौर नीरज पाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, कांग्रेस नेत्री नीता लोधी व अन्य कांग्रेसी नेता मौजूद रहे।
विधायक देवेंद्र यादव सोमवार सुबह 5.30 बजे अपने साथियों के साथ दुर्ग शिवनाथ नदी के तट पर पहुंचे। वहां उन्होंने नदी में स्नान किया। इसके बाद वहां से पवित्र जल लेकर कांवड़ में रखा। इसके बाद शिवनाथ नदी तट पर स्थित शिवालय में जाकर भगवान शंकर की आराधना की। वहां पूरे विधिविधान और मंत्रोचार के साथ शिवलिंग में दूध और जल से महाअभिषेक किया गया। साथ ही सभी लोगों ने हर हर महादेव के जयकारे लगाए।








इसके बाद देवबलौदा स्थित भोलेबाबा के प्राचीन मंदिर में जाकर जल चढ़ाने का संकल्प लिया और फिर पैदल यात्रा शुरू की गई। विधायक के साथ साथ हजारों की संख्यां में भक्तों जत्था भी कांवड़ लेकर पैदल चला। इस दौरान देवेंद्र यादव की पत्नी श्रुतिका ताम्रकार यादव भी उनके साथ साथ पैदल चलीं। इस बार बड़ी संख्या में महिलाएं भी कांवड़ यात्रा में शामिल रहीं।

कांवड़ यात्रा का जगह जगह किया गया स्वागत
भिलाई विधायक नंगे पैर कांवड़ लेकर भक्तों के साथ पद यात्रा करते हुए निकले। जहां से भी उनकी कांवड़ यात्रा निकली पूरे शहर में जगह-जगह चौक चौराहों में उसका भव्य स्वागत किया गया। दुर्ग से लेकर भिलाई शहर में लोगों ने कांवड़यात्रियों पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। इसके साथ ही फल-जूस व पानी आदि वितरण किया गया। डीजे की धुन में हर हर महादेव,मेरा भोला है भंडारी जैसे भक्तिगीत में भक्त झूमते नाचते नजर आए।








