भिलाई SDO की बेटी ने लगाई फांसी : प्रॉपर्टी कंसल्टेंसी में करती थी काम, परिजन और दोस्तों से पूछताछ कर रही पुलिस
By Dinesh chourasiya

भिलाई के स्मृति नगर चौकी क्षेत्र में प्रॉपर्टी कंसल्टेंट का काम करने वाली एक युवती ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती के पिता लोक स्वास्थ्य यांत्री (पीएचई) विभाग में एसडीओ हैं। उसने खुदकुशी क्यों की इसका पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि, पुरानी बस्ती कोहका निवासी काजल चंदेल (27) पिता संतोष चंदेल ने रविवार शाम को खुदकुशी की है। सूचना मिलने पर पुलिस वहां पहुंची। शव को नीचे उतरवा कर पीएम के लिए मरचुरी में रखवा दिया था।







सोमवार को काजल का पोस्टमॉर्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंपा गया। काजल की खुदकुशी के बाद से पूरा परिवार सदमे में है। स्मृति नगर पुलिस ने उस कमरे को सील कर दिया है, जहां उसने फांसी लगाई है। पुलिस का कहना है कि वो काजल के मोबाइल सहित अन्य चीजों की जांच कर रही है। उन्हें कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है।
सूर्या कंसल्टेंट में करती थी काम
पुलिस के मुताबिक, काजल तीन बहनों में सबसे बड़ी है। उसके पिता संतोष चंदेल लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग राजिम में एसडीओ के पद पर कार्यरत हैं। काजल प्रॉपर्टी खरीदी बिक्री करने वाली सूर्या कंसल्टेंसी में काम करती थी।




पुलिस ने सूर्या कंसल्टेंसी के संचालक हरी नगर दुर्ग निवासी सूर्यकांत गिरी से मामले में पूछताछ की है। गिरी ने कोई भी जानकारी नहीं होने की बात कही है। मामले में परिजनों और काजल के दोस्तों से भी पूछताछ की जाएगी।




