
छत्तीसगढ़ में पिकअप पलटा, 18 की मौत:सभी आदिवासी, इनमें मां-बेटी सहित 16 महिलाएं; कवर्धा में 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरी गाड़ी
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के कवर्धा में सोमवार (20 मई) को तेज रफ्तार पिकअप पलटकर 20 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई, 8 से ज्यादा लोग घायल हैं। इनमें 4 को हायर सेंटर रेफर किया गया है। सभी आदिवासी समाज से हैं। हादसा कुकदूर थाना क्षेत्र के बाहपानी गांव के पास हुआ है।
SP अभिषेक पल्लव ने बताया कि मरने वालों में 16 महिलाएं शामिल हैं। इनमें मां-बेटी सहित 3 बच्चियां भी हैं। घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। हादसे के दौरान पिकअप में 25 लोग सवार थे। सभी लोग तेंदूपत्ता तोड़कर गांव लौट रहे थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि 13 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।







पुलिस के दावों से उलट ग्रामीणों का कहना है कि हादसे के समय पिकअप में 30 से 35 लोग सवार थे। ब्रेक फेल होने से हादसे की आशंका है।

बताया जा रहा वाहन में सवार सभी लोग सेमहारा गांव से पिकअप में सवार होकर निकले थे। इसके बाद दोपहर करीब 2 बजे गांव लौट रहे थे। इससे पहले रविवार रात भी कोतवाली क्षेत्र के सिंघनपुरी गांव के पास एक ही ट्रक से पुलिस की तीन गाड़ियां हादसे का शिकार हुई थीं। इसमें एक आरक्षक की मौके पर मौत हो गई, वहीं चालक समेत 4 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
हादसे की तस्वीरें…








मृतकों के नाम…
- मिला बाई (48) पति बंजारी
- टीकू बाई (40) पति गुलाब सिंह
- सिरदारी (45) पुत्र सिलाब गोंड
- जनिया बाई (35) पति जनऊ गोंड
- मुंगिया बाई (60) पति बजरू मरावी
- झंगलो बाई (62) पति धनीराम
- सिया बाई (50) पति तिरीत गोंड
- किरण (15) पिता शिवनाथ
- पटोरिन बाई (35) पति दयाराम गोंड
- धनैया बाई (48) पति सिरदारी गोंड
- शांति बाई (35) पति शिवनाथ
- प्यारी बाई (40) पति फूलचंद
- सोनम बाई (16) पिता फूलचंद
- विस्मत बाई (45)
- लीला बाई (35) पति मानसिंह
- परसदिया बाई (30) पति रामचंद्र
- भारती (13) पिता मानसिंह
- सुन्ती बाई (45) पति मदन सिंह
हादसे पर सीएम सहित अन्य नेताओं ने जताया दुख
हादसे को लेकर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रारंभिक तौर पर जानकारी आ रही है कि गाड़ी का ब्रेक फेल हो गया था, जिसके कारण वह अनियंत्रित हो गई। विस्तृत जानकारी कुछ समय बाद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच रही है और जांच के बाद ही हादसे के कारण का पता चलेगा। प्रशासन घायलों की हर संभव मदद कर रहा है।




