
छत्तीसगढ़ में तापमान 42 डिग्री के पार,:4 जिलों में टेंपरेचर 40 से ज्यादा 6-7 अप्रैल को रायपुर समेत कई जगह बारिश के आसार
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ में दिन के तापमान लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर जिले के तिल्दा में रिकॉर्ड किया गया। यहां तापमान 42.6 डिग्री रहा। प्रदेश के 4 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। बुधवार को राजनांदगांव में 41.3 डिग्री, दंतेवाड़ा में 40.6 डिग्री, रायपुर में 40.5, बालोद में 40.1 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 6 और 7 अप्रैल को कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए सड़कों पर ड्यूटी करने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को दोपहर 2 से 4 बजे तक दो घंटे छांव या किसी भी शेड के नीचे रहकर ड्यूटी करने की छूट दी गई है। वहीं, प्रदेश की सभी स्कूलों की टाइमिंग भी बदली गई है।







शाम को भी गर्म हवा के थपेड़े
सूरज ढलने के बाद भी शाम के वक्त गर्म हवाओं के धपेड़े पड़ रहे हैं। हालांकि रात के समय गर्मी से राहत है। दुर्ग और अंबिकापुर जिले को छोड़कर बाकी सभी जिलों रात का पारा सामान्य से 2 से 3 डिग्री ऊपर रिकॉर्ड किया गया है।
रायपुर, रायपुर माना एयरपोर्ट, बिलासपुर, राजनांदगांव, जगदलपुर और दुर्ग में रात का तापमान 23 से 26 डिग्री के बीच रहा रहा। रायपुर में न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री ज्यादा है। न्यूनतम तापमान प्रदेश में सबसे कम बलरामपुर में 17.डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।




6-7 अप्रैल को कहीं-कहीं बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में 6 और 7 अप्रैल को कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। 6 अप्रैल को राजनांदगांव, कबीरधाम, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और बिलासपुर जिले में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।
वहीं, 7 अप्रैल को बिलासपुर दुर्ग और रायपुर संभाग के सभी जिलों में बादल गरजने के साथ हल्की बारिश और तेज हवा चलने के असार हैं। इस दिन मौसम विभाग ने यलो अलर्ट भी जारी किया है।
शहरों में दिन का तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान | सामान्य से अंतर |
| रायपुर | 40.5 डिग्री | +2 डिग्री |
| रायपुर (माना) | 40.2 डिग्री | +2 डिग्री |
| बिलासपुर | 39.8 डिग्री | 0 डिग्री |
| अंबिकापुर | 37.4 डिग्री | +2 डिग्री |
| पेंड्रा | 36.4 डिग्री | +1 डिग्री |
| राजनांदगांव | 41.3 डिग्री | |
| जगदलपुर | 38.4 डिग्री | +2 डिग्री |
जानिए वह स्थिति जब हवाएं बन जाती हैं लू
भारत में जब किसी मैदानी क्षेत्र का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा और पहाड़ी क्षेत्रों में कम से कम 30 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक तक पहुंच जाता है तो इसे हीटवेव की स्थिति माना जाता है। इसके अलावा सामान्य तापमान से 7 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा की बढ़ोतरी को गंभीर हीटवेव की स्थिति माना जाता है।




