Uncategorized

CG में 303 करोड़ के रेल फ्लाईओवर पर दौड़ेंगी ट्रेनें:आज PM मोदी करेंगे 600 करोड़ की परियोजनाओं और 280 करोड़ के सोलर प्लांट का लोकार्पण 

By Dinesh chourasiya

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज छत्तीसगढ़ में करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। बिलासपुर में 303 करोड़ से बने फ्लाई ओवरब्रिज और भिलाई में 280 करोड़ की लागत से बने 50 मेगावॉट सोलर प्लांट का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लोकार्पण किया जाएगा।

साथ ही SECL की 600 करोड़ की परियोजनाओं का भी उद्घाटन होगा। इसके अलावा विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ के तहत प्रदेशभर के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम भी होंगे। इसमें पीएम मोदी केंद्र सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात भी करेंगे। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा।

चार दिन में पीएम का दूसरा कार्यक्रम

पिछले चार दिन के भीतर यह दूसरा मौका है, जब पीएम मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए छत्तीसगढ़ में विकास परियोजना का लोकार्पण करने जा रहे हैं। 20 फरवरी को भिलाई में IIIT का लोकार्पण भी उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए किया था।

इसके साथ ही कवर्धा और कुरूद में केंद्रीय विद्यालय के भवन का लोकार्पण किया। अब आज (24 फरवरी) यह आयोजन शासन स्तर पर होगा। बिलासपुर के संभागीय मुख्यालय में मुंगेली नाका मैदान में इसका आयोजन किया गया है।

बिलासपुर-उसलापुर फ्लाई ओवर राष्ट्र को करेंगे समर्पित

रेलवे ने बिलासपुर से उसलापुर के बीच 10.4 किमी लंबा रेल फ्लाई ओवर का निर्माण किया है। 303 करोड़ रुपए की लागत से बने फ्लाई ओवर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में से एक है। निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय स्तर पर रेलवे की टीम ने इसका निरीक्षण किया। इसके बाद रेलवे के सेफ्टी कमिश्नर ने फ्लाई ओवर की जांच की। अब इसमें ट्रेनों के परिचालन की स्वीकृति मिल चुकी है।

ट्रायल के तौर पर फ्लाईओवर में मालगाड़ियां चलाई जा रही है। दोपहर 12.30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसका लोकार्पण कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे। रेलवे प्रशासन समारोह की तैयारियों में जुटा हुआ है। कार्यक्रम में जोन व मंडल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे।

परिचालन शुरू होने से अब अप लाइन हावड़ा की ओर से आकर कटनी दिशा की ओर जाने वाली मालगाड़ी इस रूट से उसलापुर होकर कटनी की ओर जा सकेंगी। इतना ही नहीं बिलासपुर-रायपुर-बिलासपुर दिशा की ट्रेनों को नियंत्रित भी नहीं करना पड़ेगा।

50 मेगावाट सोलर पावर प्लांट का भी करेंगे लोकार्पण

पीएम मोदी फ्लाईओवर के साथ भिलाई में 280 करोड़ रुपए के 50 मेगावॉट सोलर प्लांट का भी लोकार्पण करेंगे। रेलवे का मुख्य कार्यक्रम भिलाई में ही होगा। 280 करोड़ के इस प्लांट से क्लीन एनर्जी का विकास होगा। इससे कार्बन डाईऑक्साइड के उत्सर्जन में हर साल 86,000 टन की कमी आएगी।

इसके अलावा जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे से निपटने में यह सोलर पावर प्लांट महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। भारतीय रेल की ऊर्जा आवश्यकता की आपूर्ति के साथ-साथ यह सोलर पावर प्लांट राजस्व की बचत करेगा।

कलेक्टर ने अफसरों को सौंपी जिम्मेदारी

कलेक्टर अवनीश शरण ने बुधवार को अधिकारियों की बैठक लेकर समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने समारोह को सफल बनाने के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। विकसित भारत योजना के अंतर्गत समारोह में स्टॉल भी सजाए जाएंगे। मुख्य मंच पर LED टीवी के जरिए प्रधानमंत्री के संबोधन का लाइव प्रसारण देखा जा सकेगा।

600 करोड़ की योजना का करेंगे उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी छत्तीसगढ़ में कोयला मंत्रालय के तहत 3 परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। कोल इंडिया की सहायक कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की यह तीन प्रमुख फर्स्ट माइल कनेक्टिविटी परियोजनाएं हैं। यह परियोजनाएं 600 करोड़ रुपये से अधिक की हैं।

 अफसरों को जिम्मेदारियां दी है।

SECL के दीपका क्षेत्र स्थित दीपका ओसीपी कोल हैंडलिंग प्लांट 211 करोड़ रुपए से अधिक लागत की एक प्रमुख परियोजना है। सालाना 25 मीट्रिक टन की कोयला हैंडलिंग क्षमता के साथ इस परियोजना में 20,000 टन की ओवरग्राउंड बंकर क्षमता है। इसमें 2.1 किमी लंबी कन्वेयर बेल्ट है, जो प्रति घंटे 4,500 – 8,500 टन कोयले की तेजी से लोडिंग की सुविधा प्रदान करती है।

इसके अतिरिक्त यह परियोजना गड्ढे और रेल साइडिंग के बीच सड़क आधारित कोयले की आवाजाही को कम करके पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुनिश्चित करेगी, जिससे कार्बन उत्सर्जन पर अंकुश लगेगा। इससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा बल्कि रेक लोडिंग का समय एक घंटे से भी कम हो जाएगा और परिचालन दक्षता भी बढ़ेगी।

Related Articles

Back to top button