श्रीनगर में हुआ आतंकी हमला, पुलिसकर्मी शहीद, ईदगाह इलाके में आतंकियों ने मारी थी गोली
By Dinesh chourasiya

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर स्थित ईदगाह में आतंकियों ने एक पुलिस अधिकारी को गोली मार दी. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में ले जाया गया था. सूत्रों के मुताबिक घायल अधिकारी ने दम तोड़ दिया है, लेकिन पुलिस की ओर से अभी पुलिसकर्मी के निधन की पुष्टि नहीं की गई है.







घटना के बारे में जानकारी देते हुए कश्मीर जोन पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आतंकवादियों ने श्रीनगर के ईदगाह के पास इंस्पेक्टर मसरूर अहमद पर गोलीबारी की और उन्हें घायल कर दिया. उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस आतंकवादी हमले में पिस्तौल का इस्तेमाल किया गया था. फिलहाल इलाके की घेराबंदी कर दी गई. मामला दर्ज कर लिया गया.




पाकिस्तान की ओर से अकारण गोलीबारी
हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स की ओर से अकारण गोलीबारी के कारण सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) का एक सदस्य घायल हो गया था. साथ ही रिहायशी इलाकों में हो रही गोलाबारी के कारण दर्जनों ग्रामीणों को बचने के लिए अपने घर खाली करने पड़े.
विदेशी आतंकवादियों की संलिप्तता पर चर्चा
इसके चलते श्रीनगर में 15 कोर के हेडक्वार्टर में एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई गई थी, जिसमें जम्मू-कश्मीर और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के प्रमुख अधिकारियों ने भाग लिया था. बैठक के दौरान जिन प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई उनमें कश्मीर में विदेशी आतंकवादियों की संलिप्तता भी शामिल थी.








