
दुर्ग निगम दफ्तर में राजस्व अफसर-पूर्व पार्षद की शराब पार्टी.राजस्व अधिकारी सस्पेंड आदेश जारी
By Dinesh chourasiya
दुर्ग नगर निगम में ड्यूटी के दौरान राजस्व अधिकारी और पूर्व पार्षद ने दारू पार्टी की। इस दौरान निगरानी के लिए उन्होंने एक आदमी को भी गेट के बाहर खड़ा कराया था। दोनों की शराब पार्टी का वीडियो वायरल हो गया। कलेक्टर ने इसके जांच के निर्देश दिए थे, जिसके बाद राजस्व अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है।
वीडियो में शराब की बोतल टेबल पर रखकर राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता और पूर्व पार्षद प्रमोद पटेल बैठे दिखाई दे रहे हैं। कैमरा देखते ही उन्होंने वीडियो बनाने का विरोध किया। साथ ही अफसर ने कहा कि वह तो पूर्व पार्षद को मना करने गए थे। मामला बुधवार दोपहर को अतिक्रमण शाखा का बताया जा रहा है।









शराब की बोतल उठाकर टेबल के नीचे रख दी
नगर निगम में पहुंचे पत्रकार ने दोनों को कमरे में शराब पीता देखा तो वीडियो बनाना शुरू कर दिया। आरोप है कि यह देखकर दुर्गेश गुप्ता उठकर बाहर आ गए और मीडियाकर्मी को मना करने लगे। जबकि पूर्व पार्षद पटेल शराब की बोतल लेकर बैठे थे। इसके बाद उन्होंने शराब की बोतल उठाकर टेबल के नीचे रख दी।

अधिकारी बोले- पूर्व पार्षद को मना करने गए थे




जब राजस्व अधिकारी दुर्गेश गुप्ता से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि पूर्व पार्षद प्रमोद पटेल शराब पीने बैठे हैं। वे तो उन्हें मना करने के लिए गए थे। वीडियो में दुर्गेश गुप्ता यह कहते दिखाई दे रहे हैं कि कई बार ऐसा करना पड़ता है, मना नहीं कर सकते हैं।




