
दुर्ग-भिलाई में गणेश विसर्जन…16 तालाबों में बने कुंड:शिवनाथ नदी से लेकर चिह्नित तालाबों तक सुरक्षा के इंतजाम, पुराने पुल पर 60 फीट रेलिंग
By Dinesh chourasiya
दुर्ग जिले में स्थापित छोटी-बड़ी सभी गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन आज और कल किया जाएगा। प्रशासन ने भिलाई-दुर्ग क्षेत्र में सुरक्षित और व्यवस्थित विसर्जन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन पुलगांव-अंजोरा मार्ग स्थित शिवनाथ नदी के छोटे पुल से क्रेन की मदद से होगा। जबकि छोटी प्रतिमाओं के लिए अंजोरा साइड पर विशेष कुंड तैयार किए गए हैं।
कलेक्टर अभिजीत सिंह और पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने भीड़ और यातायात प्रबंधन को लेकर जरूरी निर्देश दिए। मिनीमाता चौक से अंजोरा बायपास तक सिर्फ विसर्जन वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। दुर्ग से राजनांदगांव और अंजोरा जाने वाले अन्य वाहन बायपास मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।







पुराने पुल पर 60 फीट की अस्थायी रेलिंग
जनसुरक्षा को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग ने शिवनाथ नदी के पुराने पुल पर दोनों ओर 60 फीट की अस्थायी रेलिंग लगाई है, जिससे आने-जाने वाले लोग सुरक्षित रह सकें। प्रतिमाओं को बड़े पुल से लेकर अंतिम छोर तक पहुंचाया जाएगा, फिर वहां बने मार्ग से नदी में उतारकर विसर्जन किया जाएगा। दोनों ही स्थलों पर क्रेन और प्रकाश व्यवस्था की सुविधा रहेगी।
भिलाई में सिर्फ 10 तालाबों में विसर्जन की अनुमति




भिलाई क्षेत्र में इस बार सिर्फ 10 तालाबों को ही मूर्ति विसर्जन के लिए चिह्नित किया गया है। बाकी तालाबों में विसर्जन पर पूरी तरह रोक रहेगी। कैंप क्षेत्र का बैकुंठधाम तालाब भी इस सूची से बाहर है। जिन तालाबों में विसर्जन की अनुमति दी गई है।
उनमें आलाबंद तालाब खम्हरिया, स्मृति नगर तालाब, आमा तालाब, लिम्हा तालाब, भेलवा तालाब, नकटा तालाब, रामनगर मुक्तिधाम तालाब, श्याम नगर कैंप-2 तालाब, दर्री तालाब और जयंती स्टेडियम तालाब शामिल हैं। इन तालाबों में विसर्जन कुंड बनाए गए हैं। प्रकाश और क्रेन की व्यवस्था की गई है।
दुर्ग में भी कुंडों में होगा विसर्जन
दुर्ग में 6 और 7 सितंबर को शिवनाथ नदी के साथ ही कसारीडीह तालाब और वार्ड 56-57 तालाब में बने विसर्जन कुंडों में प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जाएगा। पुलगांव शिवनाथ नदी गुरुद्वारा के पास पहुंच मार्ग, समतलीकरण, अस्थायी कुंड निर्माण, वाटरप्रूफ शामियाना, साउंड सिस्टम और बैठने की व्यवस्था की गई है।
विसर्जन को लेकर ट्रैफिक पुलिस की तैयारी पूरी
इस मामले को लेकर ट्रैफिक डीएसपी दुर्ग सदानंद विध्यंराज ने कहा कि, विसर्जन को लेकर ट्रैफिक पुलिस की तैयारी हो चुकी है। शाम के समय अगर स्थिति बनती है, तो अंजोरा और पुलगांव से वाहनों को डायवर्ट करेंगे। अगर जाम की स्थिति नहीं बनती है और यातायात सामान्य होता है तो ट्रैफिक डायवर्ट करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
विसर्जन को लेकर दोपहर 12 से ही कॉमर्शियल वाहनों को शहर के भीतर प्रवेश से रोका जा रहा है। हाईवे और बड़ी सड़कों से उन्हें निकाला जा रहा है। आम नागरिकों को कोई परेशान न हो इसको लेकर व्यवस्था दुरुस्त की गई है।




