
12वीं के छात्र ने किया सुसाइड: घर में फंदे पर लटका मिला
चेन्नई। तमिलनाडु के शिवगंगा जिले में बुधवार को 12वीं के एक छात्र ने घर पर फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है। इससे पहले मंगलवार को ही शिवकाशी जिले में 11वीं की एक छात्रा ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस के मुताबिक, कोई सुसाइड नोट नहीं मिलने से अभी कुछ कहा नहीं जा सकता है। मामले की जांच के बाद ही जानकारी सामने आएगी। वहीं राज्य में पिछले 15 दिनों में स्टूडेंट्स की मौत का यह पांचवां मामला है। इसके पहले कल्लाकुरिची, तिरुवल्लूर, कुड्डालोर में भी 12वीं की तीन छात्राएं आत्महत्या कर चुकी हैं।







12 जुलाई को पहला सुसाइड केस
कल्लाकुरिची में चिन्ना सलेम में एक प्राइवेट स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा श्रीमथी ने 12 जुलाई की रात हॉस्टल के टॉप फ्लोर से कूद कर आत्महत्या कर ली थी। 13 जुलाई की सुबह जब चौकीदार ने लड़की का शव देखा, तो स्कूल प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। लड़की को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस को मिले सुसाइड नोट में लड़की ने स्कूल के दो टीचर्स पर उसे और कुछ छात्रों को हर समय पढ़ने के लिए मजबूर करके प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। इसके बाद हिंसक विरोध प्रदर्शन हुआ था, जिसमें पुलिस अधिकारियों सहित कई लोग घायल हो गए थे।
25 जुलाई को दूसरा सुसाइड केस
तमिलनाडु के तिरुवल्लूर जिले के किलाचेरी में मंगलवार को एक प्राइवेट स्कूल के हॉस्टल में 12वीं की स्टूडेंट की लाश मिली थी। इस खबर के सामने आते ही स्कूल कैम्पस में पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। मरने वाली लड़की का नाम पी सरला है। 17 साल की सरला के परिजन ने स्कूल पहुंचकर प्रदर्शन किया, उनका आरोप था कि स्कूल वालों ने समय पर इसके बारे में जानकारी नहीं दी। पीड़िता के माता-पिता और रिश्तेदारों ने ठक्कलूर में भी चकाजाम किया था।




25 जुलाई तीसरा सुसाइड केस
तमिलनाडु के कुड्डालोर में भी12वीं की छात्रा ने आत्महत्या कर ली थी।12वीं की छात्रा के सुसाइड का ये15 दिन में तीसरा मामला है। पुलिस संदिग्ध मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर रही गै। कुड्डालोर के एसपी एस शक्ति गणेशन ने बताया कि छात्रा ने घरेलू मुद्दों के कारण अपने घर पर आत्महत्या की है। सोमवार रात हुई इस घटना के बाद परिजन उसे विरुधाचलम कॉमन हॉस्पिटल लेकर गए, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
लड़की की मां इलावरसी ने बताया था कि वह विरुधाचलम के नॉर्थ पेरियार नगर में शक्ति मैट्रिकुलेशन प्राइवेट स्कूल में पढ़ती थी। वह बहुत प्रतिभाशाली थी लेकिन पिछले कुछ दिनों से काफी तनाव में थी क्योंकि वह ठीक से पढ़ाई नहीं कर पा रही थी।






