Uncategorized

पंजाब में पिकअप और कैंटर की टक्कर  ,9 की मौत:11 लोग घायल; सड़क किनारे बिखरी लाशें, 

By Dinesh chourasiya

पंजाब के फिरोजपुर में आज सुबह करीब 8 बजे एक बोलेरो पिकअप और कैंटर की टक्कर हो गई। इसमें 9 लोगों की मौत हो गई। जबकि, 11 लोग घायल हो गए। यह हादसा फिरोजपुर-फाजिल्का रोड पर गांव मोहन के उताड़ के पास हुआ।

हादसे के वक्त पिकअप में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। इनमें से मरने वालों की लाशें सड़क किनारे बिखरी पड़ी मिलीं। जबकि, जख्मी लोगों को पुलिस ने राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आशंका जताई है कि हादसा धुंध के कारण हुआ है। हालांकि, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

वहीं, इसे लेकर फिरोजपुर की DC दीपशिखा शर्मा ने कहा है कि सभी घायलों का इलाज जिला प्रशासन की ओर से करवाया जा रहा है। इनकी पूरी देखभाल की जाएगी। जबकि, DGP गौरव यादव ने भी पीड़ितों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

हादसे की कुछ तस्वीरें …

घटना के शिकार हुए लोगों को एम्बुलेंस में ले जाते लोग।
हादसे में मरने वालों के शवों को मौके पर मौजूद लोगों ने चादर से ढंक दिया।
हादसे का शिकार हुए लोगों के पास आकर विलाप करते उनके परिजन।
हादसे के बाद मौका-ए-वारदात पर जमा लोग।
मौका-ए-वारदात पर टूटी पड़ी पिकअप और घायलों को उठाकर ले जाते लोग।
एम्बुलेंस के आते ही लोगों ने मृतकों और घायलों को एम्बुलेंस तक पहुंचाना शुरू कर दिया था।

जांच अधिकारी बोले- बेकाबू होकर पिकअप कैंटर से टकराई क्राइम सीन पर जांच के लिए पहुंचे इंस्पेक्टर जसविंदर सिंह बराड़ ने बताया है कि सुबह घटना की सूचना मिलते ही मौके पर सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) की टीमें पहुंच गई थीं। मौके पर पहले से ही काफी लोग जमा था। उनकी सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं, मौके पर जाम भी लगा हुआ था, जिसे क्लियर कराया गया।

उन्होंने बताया है कि बोलेरो पिकअप में मजदूर सवार थे। वे फिरोजपुर से देहात एरिया की ओर जा रहे थे। इस दौरान पिकअप बेकाबू हो गई, जिससे पीछे से आ रहे कैंटर के साथ हादसा हो गया। 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, एक की जान इलाज के दौरान गई।

हादसे के बाद मौके पर लंबा जाम लग गया था। पुलिस ने आकर यहां यातायात बहाल करवाया।

DSP बोले- कैंटर और पिकअप में सीधी टक्कर हुई वहीं, इसे लेकर DSP सतनाम सिंह ने बताया है कि बोलेरो पिकअप गाड़ी गुरु हर सहाय से जलालाबाद की तरफ जा रही थी। बोलेरो में मजदूर सवार थे। जबकि, कैंटर जलालाबाद से फिरोजपुर की तरफ जा रहा था। जब वह शहीद उधम सिंह कॉलेज के पास पहुंचा तो अचानक दोनों के बीच सीधी टक्कर हो गई।

इसमें पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और पिकअप में सवार सभी लोग हादसा स्थल से दूर-दूर जाकर गिरे। सभी को 108 एम्बुलेंस से विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मृतकों और घायलों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

DC ने 9 मौतों की पुष्टि की, 11 लोग घायल बताए इस बारे में फिरोजपुर की DC दीपशिखा शर्मा ने भी बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने कहा- जिला प्रशासन ने मौके पर तुरंत 5 एम्बुलेंस भेजी थीं। घायलों को फरीदकोट और जलालाबाद के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

जबकि, शवों को जलालाबाद अस्पताल में रखा गया है, जहां उनका पोस्टमॉर्टम होगा। 11 घायलों में से 10 को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज फरीदकोट रेफर किया गया है। वहीं, जलालाबाद में 1 मरीज का इलाज चल रहा है। इन सभी का इलाज जिला प्रशासन की ओर से करवाया जा रहा है।

चश्मदीदों ने अपनी कहानी बताई…

कैंटर वाले की गलती से हुआ हादसा वहीं, मौके पर मौजूद लोगों में से एक ने बताया कि बोलेरो पिकअप में सवार सभी लोग शादी में वेटर का काम करने जा रहे थे। इनमें गांव सूफेवाला के करीब 10 युवक थे। हालांकि, इन 10 युवकों में से किसकी मौत हुई है और कौन घायल है, इसकी सूचना नहीं है। यह हादसा कैंटर वाले की गलती से हुआ है।

काम के दूसरे दिन गई जान एक मृतक के रिश्तेदार ने कहा- मेरे भतीजे जसवंत सिंह सत्तू की इस हादसे में मौत हो गई है। उसका आज काम का दूसरा ही दिन था। उसने कल से ही काम करना शुरू किया था और आज ही उसकी मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर आसपास के गांव के लोग इकट्ठा हो गए थे। हादसा इतना भीषण था कि हाईवे साइड के खेतों तक शव पड़े हुए थे।

Related Articles

Back to top button