
CG NEWS : स्कूलों में 15 जून तक रहेगी गर्मी की छुट्टी, साथ ही अधिकारियों को कलेक्टर का यह निर्देश भी जारी
By Dinesh chourasiya







रायगढ़। CG NEWS : कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा ने जिले में स्कूल मरम्मत के निर्माण कार्यों की समीक्षा के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों, सभी कार्य एजेंसी और ठेकेदारों की मैराथन बैठक ली। उन्होंने शिक्षा विभाग और निर्माण एजेंसी आरईएस के अधिकारियों को सख्त लहजे में कहा कि स्कूलों का निर्माण बच्चों से जुड़ा है इसमें कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।




कहीं गड़बड़ी हुई तो मानकर चलिए सबसे कड़ी कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि रायगढ़ जिले को पूरे प्रदेश का लगभग 25 प्रतिशत बजट मिला है। 15 सौ से अधिक स्कूलों में निर्माण और जीर्णोद्धार के लिए लगभग 100 करोड़ से अधिक की राशि जारी हुई है। यह एक ऐतिहासिक अवसर है जब जिले में डेढ़ हजार से अधिक स्कूलों के लिए एक साथ राशि प्राप्त हुई है। इससे पूरे जिले के स्कूल संवर जायेंगे। इसका पूरा लाभ बच्चों को मिलना चाहिए।
कलेक्टर सिन्हा ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि सारे काम समय-सीमा में हो। काम पूरी ईमानदारी से किया जाए। मिली राशि को अनावश्यक कार्यों में न खर्चें उसका पूरा सदुपयोग होना चाहिए। कलेक्टर सिन्हा ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर विशेष रूप से सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्कूल की छतों और दीवारों में सीपेज न हो, टॉयलेट गुणवत्ता पूर्ण हों, कमरे हवादार हों, कक्षाओं में वेंटिलेशन और प्रकाश की अच्छी व्यवस्था हो। उन्होंने सभी स्कूलों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाने के भी निर्देश दिए।







