दुर्ग में युवक की चाकू मारकर हत्या , सिगरेट मांगने पर विवाद: पैर-जांघ में वार से मौत; 2 आरोपी हिरासत में
By Dinesh chourasiya

दुर्ग जिले के मोहन नगर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। हैरिटेज स्कूल के पीछे हरिनगर स्थित एक पीजी में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात 26 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 2:30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृतक की पहचान चित्रेश सहारे (26), पिता अशोक सहारे के रूप में हुई है। वह परीक्षा देने के लिए दुर्ग आया हुआ था।







दोस्त के कमरे में महिला मित्र के साथ पहुंचा था पुलिस के मुताबिक, चित्रेश अपने दोस्त रवि के पीजी रूम में महिला मित्र के साथ पहुंचा था। इसी दौरान पीजी में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि महिला मित्र के साथ कथित तौर पर बत्तमीजी किए जाने की बात को लेकर भी विवाद बढ़ गया।
। आरोपी




देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों युवकों ने चित्रेश के साथ मारपीट की। इसी बीच चाकू से भी हमला कर दिया गया। चाकू के वार चित्रेश के पैर और जांघ में लगे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले बिगड़ी हालत घटना के बाद पीजी में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों और साथ मौजूद युवकों ने घायल चित्रेश को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्चुरी में रखवाया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
दोनों आरोपी हिरासत में, पूछताछ जारी एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, मामले में वैभव मानकर (23), पिता अशोक मानकर, निवासी लखोली, राजनांदगांव और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया गया है। दोनों से घटना को लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पीजी में मौजूद अन्य लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। घटना के दौरान महिला मित्र की मौजूदगी और उसके साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर हुए विवाद की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों संदिग्ध पुलिस हिरासत में हैं और घटनाक्रम के हर पहलू की जांच की जा रही है।




