भिलाई में शराब भट्टी के पास से 36 गैस-सिलेंडर लोड गाड़ी चोरी:2-2 हजार में बेचा 20 सिलेंडर, 8 आरोपी दबोचे गए, 25 सिलेंडर और वाहन बरामद
By Dinesh chourasiya
भिलाई के छावनी थाना क्षेत्र में वाहन समेत 36 घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी प्रमोद देवांगन समेत 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 20 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 सिलेंडर भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 3.50 लाख रुपए है।








मामला 18 सितंबर का है। ग्राम कुटेला भाठा निवासी घनश्याम कुर्रे ने 19 सितंबर को छावनी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि 18 सितंबर को साक्षरता चौक कैम्प-01 भिलाई में रायपुर से दुर्ग जाने वाली सर्विस रोड पर देशी शराब भट्ठी के पास महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन क्रमांक CG07CA8090 खड़ा था। वाहन में 36 भरे हुए घरेलू इंडेन गैस सिलेंडर रखे थे। अज्ञात व्यक्ति सभी सिलेंडर चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर छावनी थाने में अपराध क्रमांक 647/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की।

पूछताछ में मुख्य आरोपी ने खोला मामला विवेचना के दौरान पुलिस ने प्रमोद देवांगन की पहचान कर उससे पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने चोरी की घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उसने बताया कि चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल क्षेत्र में अहिवारा रोड स्थित जय अम्बे शोरूम के पीछे छोड़ दिए थे। इसके अलावा बाकी 20 सिलेंडरों को अलग-अलग लोगों को 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेचने की बात बताई। आरोपी से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई की और 20 घरेलू एलपीजी सिलेंडर बरामद किए।




पुलिस ने मुख्य आरोपी की निशानदेही पर भिलाई के बैकुण्ठ धाम दशहरा मैदान के पास से महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इस तरह पुलिस कार्रवाई में कुल 25 सिलेंडर बरामद किए गए हैं। मामले में प्रमोद देवांगन के अलावा सुरेन्द्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन कुमार साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय में पेश किया।
2 हजार रुपए में बेच रहे थे सिलेंडर पुलिस के अनुसार चोरी के बाद आरोपियों ने सिलेंडरों को एक जगह रखने के बजाय अलग-अलग स्थानों पर छिपाया और कुछ सिलेंडर अलग-अलग लोगों को 2 हजार रुपए प्रति सिलेंडर की दर से बेच दिए। पुलिस ने पूछताछ और आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर चोरी के सिलेंडरों की बरामदगी की। मामले में पुलिस ने 20 घरेलू एलपीजी सिलेंडर, महिन्द्रा मैक्सेमो प्लस वाहन और 5 अन्य घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। मामले की विवेचना जारी है।





