
मुख्यमंत्री साय ने डौण्डीलोहारा में महिलाओं को दी सौगात, 67.28 लाख हितग्राहियों के खातों में अंतरित किए ₹631 करोड़
डौण्डीलोहारा में मुख्यमंत्री साय ने दी विकास कार्यों की सौगात, 67.28 लाख हितग्राहियों के खातों में अंतरित किए ₹631 करोड़
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद (छत्तीसगढ़), 25 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा में आयोजित महतारी वंदन सम्मान समारोह में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि जारी की। इस दौरान प्रदेश के 67 लाख 28 हजार 918 हितग्राहियों के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपये डीबीटी के माध्यम से अंतरित किए गए।
बालोद जिले में योजना के 2 लाख 45 हजार 28 हितग्राहियों के खातों में भी राशि अंतरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी वंदन योजना महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के साथ चिकित्सा, स्वास्थ्य एवं सुपोषण से जुड़ी जरूरतों में भी मददगार साबित हो रही है।
डौण्डीलोहारा के लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्व से पहले 31वीं किस्त जारी करना राज्य की मातृ शक्तियों के योगदान के प्रति सम्मान का प्रतीक है।
₹102 करोड़ के विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने इस दौरान डौण्डीलोहारा क्षेत्र के लिए कई विकास कार्यों की घोषणा की। इनमें नगर पंचायत डौण्डीलोहारा में सर्वसुविधायुक्त ऑडिटोरियम निर्माण, खरखरा जलाशय में लिफ्ट इरिगेशन की स्वीकृति, पूरक नहर के जीर्णोद्धार एवं पुनर्निर्माण तथा धनगांव जलाशय में नहर रिमॉडलिंग लाइन निर्माण शामिल हैं।
उन्होंने नगर पंचायत डौण्डीलोहारा में मस्जिद चौक से शास्त्री नगर मार्ग पर 5 करोड़ रुपये की लागत से पुलिया निर्माण और डौण्डीलोहारा विकासखंड में 19 करोड़ रुपये की लागत से संबलपुर-भीमकन्हार-मुड़िया मार्ग के निर्माण की घोषणा भी की।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब 102 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें 3.2 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबे उमरादाह-निपानी मार्ग, 26 करोड़ रुपये की लागत से अर्जुंदा-ओडारसकरी मार्ग और 2.5 करोड़ रुपये की लागत से बालोद-पिकरीपार मार्ग निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
लाभार्थी महिलाओं से किया संवाद
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना से लाभान्वित जिले की पांच महिलाओं से संवाद कर योजना से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महतारी वंदन योजना के साथ लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी पहलों के माध्यम से अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 13 लाख 85 हजार महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में सफलता मिली है।
कार्यक्रम में कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग, पूर्व सांसद सरोज पांडे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पंचायत डौण्डीलोहारा अध्यक्ष लाल निवेन्द्र सिंह टेकाम सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगा राम चव्हाण, वन मंडल अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक सहित प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं नागरिक भी समारोह में उपस्थित रहे।






