भिलाई में पं.-प्रदीप मिश्रा की कथा से लौट रहे युवक की मौत देर रात हुआ सड़क हादसा, ट्रैक्टर से टक्कर के बाद मौके पर गई जान, दोस्त की हालत गंभीर
By Dinesh chourasiya

भिलाई के सेक्टर-6 में सतनाम भवन के पास देर रात हुए सड़क हादसे में रामनगर निवासी दुष्यंत सिन्हा (20) की मौत हो गई। दुष्यंत अपने दोस्त के साथ पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा से लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की नगर निगम के बताए जा रहे ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना तेज था कि दुष्यंत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उनके साथ मौजूद दोस्त के भी गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। मामला भिलाई नगर थाने का है।

कथा से लौटते समय हुआ हादसा







जानकारी के मुताबिक दुष्यंत अपने दोस्त के साथ कथा में शामिल होने गए थे। देर रात दोनों वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे सेक्टर-6 के सतनाम भवन के पास पहुंचे, सामने से आ रहे ट्रैक्टर से उनकी गाड़ी की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

हादसे में दुष्यंत को गंभीर चोटें आईं। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनके दोस्त को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की जानकारी है।





टक्कर के बाद ट्रैक्टर चालक फरार
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक के मौके से फरार हो गया। शुरुआती जानकारी में हादसे में शामिल ट्रैक्टर भिलाई नगर निगम का बताया जा रहा है। टक्कर के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हादसा किस वजह से हुआ और ट्रैक्टर कौन चला रहा था। वाहन की पहचान और चालक की तलाश के साथ आसपास लगे कैमरों की फुटेज भी जांची जा सकती है।
देर रात सड़क पर हुई टक्कर ने परिवार की खुशियां छीनीं
दुष्यंत कथा सुनकर घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसा ह गया। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस हादसे के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।






