
सड़क पर मिले ₹60,500, आरक्षकों ने तलाश कर असली मालिक को लौटाई रकम
ड्यूटी जाते समय मिली नकदी, ईमानदारी दिखाकर अरविंद दोहरे और वरुण कुर्रे ने की पतासाजी; एसपी ने की सराहना
अविनाश साहू संवादाता (पत्रकार)
सुरेगांव। ड्यूटी पर जाते समय सड़क पर मिली ₹60,500 की नकद राशि को थाना सुरेगांव के दो आरक्षकों ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाकर वापस लौटा दिया।
जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को थाना सुरेगांव में पदस्थ आरक्षक अरविंद दोहरे एवं आरक्षक वरुण कुर्रे ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान आईटीआई सुरेगांव के पास सड़क पर ₹60,500 नगद पड़े मिले।
दोनों आरक्षकों ने रकम अपने पास सुरक्षित रखने के साथ उसके वास्तविक मालिक की तलाश शुरू की। पतासाजी के दौरान रकम टूमन लाल निर्मलकर, निवासी ग्राम खुर्सीपार, थाना बालोद की होने की जानकारी मिली। इसके बाद आवश्यक सत्यापन के पश्चात टूमन लाल निर्मलकर को थाना सुरेगांव बुलाकर ₹60,500 की पूरी रकम सुरक्षित रूप से वापस कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने की आरक्षकों की सराहना
आरक्षक अरविंद दोहरे और वरुण कुर्रे के इस ईमानदार एवं कर्तव्यनिष्ठ कार्य की पुलिस अधीक्षक बालोद श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने सराहना की। उन्होंने दोनों आरक्षकों के कार्य को पुलिस विभाग की सकारात्मक छवि और आमजन के विश्वास को मजबूत करने वाला अनुकरणीय उदाहरण बताया।
बालोद पुलिस ने कहा कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा के प्रति पुलिसकर्मी इसी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे।





