विधायक अजय चंद्राकर का वीडियो-वायरल करने वाले 2 तथाकथित पत्रकार अरेस्ट:धमतरी पुलिस ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ से पकड़ा; पुराना वीडियो स्वतंत्रता दिवस का बताकर किया था शेयर
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के धमतरी में कुरूद विधायक और पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर का भ्रामक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। मंगलवार को दो तथाकथित पत्रकार भाइयों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले से गिरफ्तार किया गया है।







जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने पुराने वीडियो को एडिट किया था, जो भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का था। जबकि वायरल वीडियो में अजय चंद्राकर को स्वतंत्रता दिवस के दिन तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराते हुए दिखाया गया था।




इस मामले में पुलिस ने भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (32) को गिरफ्तार किया है। दोनों भाई ‘आवाम की आवाज’ नाम से इंस्टाग्राम पेज चलाते हैं, जिसमें न्यूज शेयर की जाती है। इस पेज के भुनेश्वर और राकेश प्रधान संपादक और संपादक हैं और सगे भाई हैं।
दरअसल, स्वतंत्रता दिवस यानी 15 अगस्त को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें अजय चंद्राकर को भाजपा का झंडा फहराते हुए दिखाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे झूठा बताया।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धमतरी सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच तेज की और मंगलवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ भुनेश्वर निराला और राकेश निराला को अरेस्ट किया। जो कि ग्राम जिल्दी के रहने वाले हैं।

मार्च के पुराने वीडियो को किया एडिट
पुलिस जांच में पता चला कि वायरल वीडियो असल में 22 मार्च 2026 का है। यह कुरूद स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का वीडियो था। इसमें भाजपा कार्यकर्ता पार्टी का झंडा फहरा रहे थे।
आरोपियों ने इसी पुराने वीडियो को डाउनलोड किया और ‘News Banao App’ की मदद से उसमें बदलाव किया। वीडियो में “स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा” और “स्वतंत्रता दिवस पर सवाल उठे” जैसे भ्रामक संदेश लिखे गए।
इसके साथ तिरंगे का प्रतीक भी लगाया गया और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
मोबाइल जांच में मिली तस्वीरें
पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी राकेश निराला के मोबाइल की जांच की। इसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के पार्टी का झंडा फहराने से जुड़ी तस्वीरें मिलीं। पुलिस ने इन तस्वीरों का पंचनामा भी तैयार किया है।
दोनों भाइयों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। हालांकि, वीडियो वायरल करने की पीछे का मकसद क्या था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
………………..




