Uncategorized

वंदे मातरम्’ के अपमान पर दुर्ग में बीजेपी का प्रदर्शन:कांग्रेस कार्यालय घेरा, सोनिया गांधी-खड़गे से माफी की मांग; बोले- राष्ट्रगीत का अपमान बर्दाश्त नहीं

By Dinesh chourasiya

15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गायन को लेकर सामने आए वीडियो पर छत्तीसगढ़ में भी सियासत गरमा गई है। रविवार को बीजेपी कार्यकर्ताओं ने दुर्ग में कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सोनिया गांधी व कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से माफी मांगने की मांग की।

बीजेपी का आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस मुख्यालय में ‘वंदे मातरम्’ गाए जाने के दौरान सोनिया गांधी ने इसे रोकने का इशारा किया। वायरल वीडियो को लेकर बीजेपी नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश के राष्ट्रगीत के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।

कांग्रेस कार्यालय के बाहर जुटे बीजेपी कार्यकर्ता

रविवार को बीजेपी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के खिलाफ नारे लगाए। बीजेपी नेताओं ने कहा कि 15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व के कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ को लेकर जिस तरह का वीडियो सामने आया है, उससे लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं।

प्रदर्शन कर रहे बीजेपी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को इस मामले में देश की जनता के सामने अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए। उनका कहना है कि सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे को पूरे मामले पर जवाब देना चाहिए और अगर राष्ट्रगीत का अपमान हुआ है तो इसके लिए माफी मांगनी चाहिए।

15 अगस्त के कार्यक्रम का है वायरल वीडियो

दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा वीडियो 15 अगस्त को दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में हुए स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का बताया जा रहा है। कार्यक्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने तिरंगा फहराया था। इसके बाद ‘वंदे मातरम्’ का गायन हुआ।

वायरल वीडियो में सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे के बीच कुछ इशारे होते दिखाई दे रहे हैं। इसी वीडियो को लेकर बीजेपी ने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ‘वंदे मातरम्’ के गायन को रोकने का इशारा कर रही थीं। इसके बाद बीजेपी ने इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस के खिलाफ देशभर में सवाल उठाना शुरू कर दिया है

 

Related Articles

Back to top button