Aradhna news BalodBalodCRIMEUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयअपराधछत्तीसगढ़
Trending

केबल चोरी करने वाले गिरोह का गुण्डरदेही पुलिस ने किया पर्दाफाश, 7 आरोपी गिरफ्तार

भरदाखुर्द, कुरदी और सुखरी में हुई तीन केबल चोरी की वारदातों का खुलासा, 96.680 किलो केबल सहित करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 16 अगस्त 2026। गुण्डरदेही पुलिस ने केबल चोरी की लगातार हो रही घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। वहीं घटना में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों को नियमानुसार बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा ग्राम भरदाखुर्द, कुरदी एवं सुखरी क्षेत्र में योजना बनाकर रेकी करने के बाद केबल चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया था। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर, जिसकी कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है, बरामद की है। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त पिकअप, मोटरसाइकिल और स्कूटी सहित करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

टावर से केबल चोरी करते पकड़े जाने पर भागे आरोपी

मामला थाना गुण्डरदेही क्षेत्र का है। प्रार्थी प्रीनेष कुमार साहू ने 13 अगस्त 2026 को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम भरदाखुर्द स्थित टावर का एयरटेल एवं आइडिया नेटवर्क बंद हो गया है। टावर की जांच के दौरान ग्राम गुरेदा के पास कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को टावर की केबल काटकर चोरी करते देखा गया।

पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया, लेकिन आरोपी स्कूटी और केबल वायर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।

CCTV और तकनीकी साक्ष्यों से गिरोह तक पहुंची पुलिस

पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चंद्रकांत गवर्ना एवं एसडीओपी गुण्डरदेही राजेश बागड़े के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में थाना गुण्डरदेही एवं साइबर सेल बालोद की संयुक्त टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना में प्रयुक्त स्कूटी एवं पिकअप वाहन की पहचान की। इसके बाद पूछताछ और पतासाजी के दौरान पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंची।

पूछताछ में आरोपियों ने योजना बनाकर रेकी करने के बाद भरदाखुर्द, कुरदी एवं सुखरी क्षेत्र में केबल चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

करीब 10 लाख की संपत्ति जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 96.680 किलोग्राम चोरी की केबल वायर, जिसकी कीमत लगभग 80 हजार रुपये है, बरामद की। इसके अलावा पिकअप वाहन क्रमांक CG 04 PM 2170, मोटरसाइकिल एक्सट्रीम क्रमांक CG 04 DB 3196 और स्कूटी क्रमांक CG 07 BF 4709 भी जब्त की गई।

पुलिस के अनुसार जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये है।

7 आरोपी गिरफ्तार, 4 बालकों पर नियमानुसार कार्रवाई

पुलिस ने 15 अगस्त 2026 को 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। घटना में शामिल 4 विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान गोपनीय रखते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई और उन्हें बाल न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना गुण्डरदेही से निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय, सउनि राघवेन्द्र सिंह, आरक्षक यशवंत देशमुख एवं आरक्षक पंकज तारम तथा साइबर सेल बालोद से सहायक उपनिरीक्षक धरम भूआर्य, प्रधान आरक्षक भुवनेश्वर मरकाम, प्रधान आरक्षक विवेक शाही, प्रधान आरक्षक रूमलाल चुरेन्द्र, आरक्षक विपिन गुप्ता, आरक्षक राहुल मनहरे, आरक्षक भोपसिंह साहू, आरक्षक मिथलेश साहू सहित पुलिस टीम का विशेष योगदान रहा।

गुण्डरदेही पुलिस ने कहा कि चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related Articles

Back to top button