
बालोद में 15 अगस्त समारोह की तैयारियों की समीक्षा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी होंगे सम्मानित
स्कूली शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव होंगे मुख्य अतिथि, कलेक्टर ने भव्य एवं गरिमामय आयोजन के दिए निर्देश
रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)
बालोद, 10 अगस्त 2026। आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बालोद जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने सोमवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में 15 अगस्त समारोह की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में जिले में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि विभिन्न विभागों के कई अधिकारी-कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा, ईमानदारी और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को समय-सीमा में आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।
स्व. सरयु प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह
जिला मुख्यालय बालोद स्थित स्व. सरयु प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूली शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को 15 अगस्त की सुबह अपने-अपने कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद जिला मुख्यालय में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारियों की निर्धारित समय पर मुख्य समारोह स्थल पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
VIP और शहीद परिवारों के लिए होगी विशेष व्यवस्था
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल तक पहुंच मार्ग, मंचीय व्यवस्था, वीआईपी दीर्घा, शहीद परिवार के सदस्यों के लिए व्यवस्था तथा पत्रकार दीर्घा को व्यवस्थित रूप से तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि प्रस्तुतियां देशभक्ति, संस्कृति और समारोह की गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए।
मुख्य समारोह का अंतिम अभ्यास 13 अगस्त को सुबह 8:30 बजे आयोजित किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को इसमें अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए।
शहीद परिवारों को ससम्मान समारोह में लाने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों को अपने-अपने अनुविभाग के शहीदों के परिजनों को जिला मुख्यालय में आयोजित समारोह में ससम्मान लाने और कार्यक्रम के बाद उन्हें सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अलावा 14 अगस्त की सुबह स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया जाएगा। जिला मुख्यालय में पदस्थ सभी अधिकारी-कर्मचारियों को इसमें अनिवार्य रूप से शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
जल प्रदाय योजना और सीएम हेल्पलाइन की भी हुई समीक्षा
समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने गुरूर विकासखंड के ग्राम धनोरा में नवनिर्मित समूह जल प्रदाय योजना के संचालन की भी समीक्षा की। उन्होंने एसडीओ गुरूर और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को योजना में शामिल 27 गांवों का दौरा कर वास्तविक स्थिति की जानकारी लेने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही सीएम हेल्पलाइन पोर्टल में प्राप्त शिकायतों और उनके निराकरण की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश दिए।
आयुष्मान कार्ड और नशा उन्मूलन अभियान पर भी जोर
कलेक्टर ने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान की प्रगति की जानकारी ली। आयुष्मान भारत योजना के तहत शेष पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड अभियान चलाकर बनाने के निर्देश दिए।
नशा उन्मूलन अभियान की समीक्षा करते हुए समाज कल्याण, पुलिस और संबंधित विभागों को प्रतिमाह जागरूकता रैली एवं अन्य गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल परिसरों के 100 मीटर के दायरे में नशीले पदार्थों की बिक्री पर पूर्ण रोक सुनिश्चित करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी और संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री नूतन कंवर, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






