Aradhna news BalodBalodUncategorizedअंतर्राष्ट्रीयछत्तीसगढ़
Trending

बालोद में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक: घुमंतू मवेशियों से लेकर यातायात नियमों तक, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

सड़क हादसों पर लगाम लगाने के लिए संयुक्त जांच अभियान के निर्देश, शराब पीकर व तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों और नाबालिग वाहन चालकों पर होगी कार्रवाई

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)

बालोद, 10 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़कों पर घूमने वाले घुमंतू मवेशियों की समस्या को भी गंभीरता से लिया गया। कलेक्टर ने पुलिस, प्रशासन, पशुपालन और नगरीय निकाय सहित संबंधित विभागों को मवेशियों को सड़कों से हटाने के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पशुओं के गले में रेडियम पट्टी लगाने और घुमंतू एवं पालतू पशुओं की ईयर टैगिंग की जानकारी ली। साथ ही घुमंतू मवेशियों को जिला मुख्यालय बालोद में तांदुला नदी के निकट स्थित गौठान में रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने और गौसेवकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।

नो-पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी निर्देश

शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कलेक्टर ने जिला मुख्यालय के प्रमुख स्थानों पर नो-पार्किंग बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। इनमें मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, घड़ी चौक, सुमीत बाजार के पास तथा गंजपारा स्थित मदिरा दुकान के सामने सहित अन्य आवश्यक स्थान शामिल हैं।

हेलमेट और यातायात नियमों के पालन पर जोर

बैठक में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आम लोगों को हेलमेट के अनिवार्य उपयोग के लिए जागरूक करने और सड़क सुरक्षा अभियान को नियमित रूप से चलाने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण ने पुलिस विभाग की कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमित कार्रवाई की जा रही है। नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने के मामलों में भी कार्रवाई की जा रही है।

संयुक्त जांच अभियान चलाने के निर्देश

बैठक में राजस्व, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त रूप से नियमित जांच अभियान चलाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री किरण गंगाराम चव्हाण, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक, एडीशनल एसपी श्री चंद्रकांत गवर्ना सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारी, एसडीओपी, लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता, तहसीलदार, थाना प्रभारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

जिला बालोद छत्तीसगढ़
रितेश कुमार
क्राइम रिपोर्टर पत्रकार 

Related Articles

Back to top button