भिलाई में 14 मिनट में दो चेन स्नेचिंग की वारदात, बाइक सवारों ने बुजुर्ग महिला से चेन झपटी, दूसरी महिला पर मिर्च पाउडर फेंककर वारदात आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस की टीम
By Dinesh chourasiya







भिलाई शहर में शुक्रवार सुबह एक के बाद एक हुई दो चेन स्नेचिंग की वारदातों से लोगों में दहशत फैल गई। 2 बदमाशों ने सुबह टहलने निकली अकेली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया। पहली घटना सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर स्थित भाजपा कार्यालय के पास सुबह करीब 6:25 बजे हुई।
एक बुजुर्ग महिला अपने घर के सामने टहल रही थीं, तभी एक्टिवा सवार दो युवक वहां पहुंचे। वाहन चला रहा युवक हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठा आरोपी चेहरे पर नकाब लगाए हुए था। दोनों ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए।




वारदात के दौरान चेन का एक हिस्सा टूटकर सड़क पर गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके से बरामद कर लिया है। बताया जा रहा है कि चेन करीब तीन तोले की थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के हाथ चेन का कितना हिस्सा लगा और कितना हिस्सा घटनास्थल पर गिरा।
महिला ने मिर्च पाउडर फेंककर छीनी चेन
दूसरी घटना भट्टी थाना क्षेत्र के सेक्टर-1, सड़क नंबर-2 के पास सुबह करीब 6:11 बजे हुई। बुजुर्ग महिला अपने घर के बाहर फूल तोड़ रही थीं। तभी 45 से 50 साल की महिला उनके पास पहुंची। आरोपी ने पहले बुजुर्ग महिला के चेहरे पर मिर्च पाउडर फेंका, जिससे वह घबरा गईं। इसके बाद उसने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और पास में बाइक लेकर खड़े अपने साथी के साथ फरार हो गई।

मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग रेंज के डीआईजी विजय अग्रवाल, भिलाई नगर सीएसपी सत्यप्रकाश तिवारी, सुपेला थाना प्रभारी शिवनारायण सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पीड़ित महिला से बातचीत की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
मॉर्निंग वॉक और फूल तोड़ रही महिलाओं को बनाया निशाना
दोनों घटनाओं में एक समान बात सामने आई है। बदमाशों ने सुबह के समय घर के बाहर अकेली मौजूद बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाया। पहली महिला मॉर्निंग वॉक कर रही थीं, जबकि दूसरी महिला घर के बाहर फूल तोड़ रही थीं।
इस समानता को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि वारदातों के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि दोनों घटनाओं के आरोपियों का आपस में कोई संबंध है या नहीं







