Uncategorized

दुर्ग में 7 इंस्पेक्टरों का तबादला:सुपेला-जामुल और खुर्सीपार थानों में बदलाव; 3 नए अधिकारियों की होगी पदस्थापना

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय रायपुर ने बुधवार रात 64 पुलिस निरीक्षकों (इंस्पेक्टरों) की तबादला सूची जारी की। इस सूची में दुर्ग जिले के 7 निरीक्षकों का अन्य जिलों में तबादला किया गया है, जबकि 3 नए निरीक्षकों की दुर्ग जिले में पदस्थापना की गई है।

जारी आदेश के अनुसार, सुपेला थाना प्रभारी निरीक्षक अंबर सिंह भारद्वाज का तबादला कांकेर किया गया है। जामुल थाना प्रभारी रामेंद्र कुमार सिंह को कोंडागांव भेजा गया है। उतई थाना प्रभारी राजेश कुमार साहू का तबादला सुकमा किया गया है।

खुर्सीपार थाना में पदस्थ निरीक्षक आनंद शुक्ला को बीजापुर भेजा गया है। ट्रैफिक शाखा में पदस्थ निरीक्षक मनीष शर्मा का तबादला दंतेवाड़ा किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक श्रद्धा पाठक (मिश्रा) और वंदिता पानिकर को भी कोंडागांव भेजा गया है।

दुर्ग जिले में आएंगे 3 नए निरीक्षक

तबादला आदेश के तहत राकेश कुमार खुटेश्वर का नारायणपुर से दुर्ग, राजकुमारी पांडेय का कोंडागांव से दुर्ग और मो. तारीक हारिश का बस्तर से दुर्ग तबादला किया गया है। तीनों अधिकारियों को दुर्ग जिले में नई जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

स्थानीय पदस्थापना आदेश का इंतजार

हाल ही में सुपेला और उतई सहित कुछ थानों में थाना प्रभारियों की नियुक्ति की गई थी। अब नए तबादलों के बाद दुर्ग जिले में कई थानों की कमान बदलनी तय मानी जा रही है। जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से जल्द ही स्थानीय पदस्थापना आदेश जारी किए जाने की संभावना है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि नए निरीक्षकों को किस थाना या शाखा की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।

तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश

पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण देव गौतम के हस्ताक्षर हैं। आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेशभर में हुए इस प्रशासनिक फेरबदल के बाद कई जिलों में थाना प्रभारियों और शाखा प्रभारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव होगा।

 

Related Articles

Back to top button