नवा रायपुर के नकटी गांव में घरों पर चला बुलडोजर युवा-कांग्रेस ने किया विरोध:भिलाई के सुपेला में प्रदर्शन और नारेबाजी, कहा- छत्तीसगढ़ के लिए काला दिन
By Dinesh chourasiya

नवा रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को भारतीय युवा कांग्रेस ने सुपेला के घड़ी चौक पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने विधायक अनुज शर्मा का पुतला दहन कर सरकार और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।







प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि नकटी गांव में विधायक कॉलोनी बनाने के लिए सोमवार को करीब 80 परिवारों के घरों पर बुलडोजर चलाया गया, जिससे कई परिवार बेघर हो गए।

युवा कांग्रेस का कहना है कि जिन प्रभावित परिवारों को प्रशासन की ओर से नए मकान दिए गए हैं, वहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उनका आरोप है कि मकान इतने छोटे हैं कि पूरे परिवार का वहां रहना मुश्किल है। संगठन ने मांग की कि प्रभावित लोगों के लिए रहने की बेहतर व्यवस्था की जाए।




स्थानीय विधायक अनुज शर्मा को बताया जिम्मेदार
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार गरीबों का घर और उनकी वर्षों की मेहनत छीन रही है। संगठन ने इस कार्रवाई के लिए सरकार, प्रशासन और स्थानीय विधायक अनुज शर्मा को जिम्मेदार ठहराया।
प्रदर्शन के दौरान अमनजीत साहू ने कहा कि नकटी गांव में हुई कार्रवाई छत्तीसगढ़ के लिए एक काला दिन है। उनका आरोप था कि कई गरीब परिवारों, महिलाओं और बुजुर्गों को उनके घरों से बेघर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों के भविष्य पर भी असर पड़ेगा।

पुतला दहन कर जताया विरोध
प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस के पदाधिकारी अमनजीत साहू, दीपक साहू और हिमांशु बंजारे ने किया। सुपेला चौक पर पुतला दहन कर इस कार्रवाई का विरोध किया गया। इस दौरान अमनजीत साहू ने कहा कि गरीब परिवारों के घर तोड़ना बेहद दुखद और अमानवीय कदम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जिस जमीन पर पहले गरीबों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान बनाए गए थे, उसी जगह अब विधायक आवास बनाने की तैयारी की जा रही है। उनके मुताबिक यह सरकार की गरीब विरोधी सोच को दिखाता है।








