
कृषक उन्नति योजना से बदली किसान गणेश कचलामे की तस्वीर, बढ़ी आय से कराया बोरवेल और खरीदी इलेक्ट्रिक स्कूटी
सुदूर वनांचल के किसान ने धान बिक्री से मिली अतिरिक्त राशि को खेती के विकास में लगाया, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति जताया आभार

रितेश कुमार क्राइम रिपोर्टर (पत्रकार)







बालोद, 01 जुलाई 2026
बालोद जिले के सुदूर वनांचल में स्थित ग्राम लोहारटोला के प्रगतिशील किसान, श्री गणेश कचलामे ने यह साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन, आधुनिक तकनीक और शासन की योजनाओं के मेल से कृषि को एक बेहद मुनाफेदार व्यवसाय में बदला जा सकता है। श्री कचलामे का मानना है कि शासन की किसान-हितैषी योजनाओं ने उनके जीवन को एक नई आर्थिक संबलता प्रदान की है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के किसान हितैषी कृषक उन्नति योजना के तहत धान का बेहतरीन मूल्य मिलने से उन्हें सीधा आर्थिक लाभ पहुँचा। धान बेचकर जो मुनाफा प्राप्त हुआ, उसे उन्होंने व्यर्थ खर्च करने के बजाय अपनी खेती के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में लगाया। अपनी बढ़ी हुई आय का सदुपयोग करते हुए श्री गणेश ने दो महत्वपूर्ण कार्य किए, जो उनकी दूरदर्शी सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कृषि कार्य को निर्बाध रूप से आगे बढ़ाने और पानी की निर्भरता को खत्म करने के लिए उन्होंने अपने खेत में बोरवेल का खनन कराया। इससे अब वे मौसम की अनिश्चितता से बचकर पूरे वर्ष बेहतर खेती कर सकेंगे। उन्होंने खेत तक आने-जाने और घरेलू कार्यों को सुगमता से निपटाने के लिए एक इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी है। यह कदम न केवल उनके समय की बचत कर रहा है, बल्कि पेट्रोल के बढ़ते खर्चों को कम कर पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रहा है।
अपनी इस चैतरफा सफलता और जीवन में आए सकारात्मक बदलाव से श्री गणेश कचलामे बेहद प्रसन्न हैं। उन्होंने अपनी इस तरक्की का श्रेय राज्य शासन की कल्याणकारी नीतियों को देते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है। आज श्री गणेश कचलामे केवल लोहारटोला के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे बालोद जिले और राज्य के उन सभी किसानों के लिए एक प्रेरणास्रोत बन गए हैं, जो आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपने जीवन को संवारना चाहते हैं।











