CG के बालोद में पटपर काली माता की झांकी में भगदड़:बीच में बंद करना पड़ा कार्यक्रम; असामाजिक तत्व के चप्पल फेंकने से हुआ विवाद, युवक बेहोश
By Dinesh chourasiya

बालोद जिले के ग्राम घुमका में आयोजित पटपर काली माता झांकी कार्यक्रम के दौरान बुधवार रात भगदड़ जैसे हालात बन गए। धक्का-मुक्की और अफरा-तफरी के बीच एक युवक बेहोश हो गया। जिसे पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। हालात बिगड़ने पर आयोजन समिति और प्रशासन ने कार्यक्रम बीच में ही बंद करा दिया।







जानकारी के अनुसार बालोद थाना क्षेत्र के ग्राम घुमका स्थित हाई स्कूल मैदान में नव युवा समिति और ग्रामवासियों के सहयोग से राजनांदगांव जिले के ग्राम पटपर की दाई के दुलरवा नवरत्न जस दुर्गा झांकी का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में अपेक्षा से अधिक भीड़ पहुंचने के कारण देर रात धक्का-मुक्की शुरू हो गई और कुछ समय के लिए भगदड़ जैसे हालात बन गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अफरा-तफरी के दौरान एक युवक बेहोश हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और आयोजन समिति के सदस्यों ने उसे भीड़ से सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।




इसी दौरान एक असामाजिक तत्व द्वारा मंच की ओर चप्पल फेंके जाने की घटना भी सामने आई। जिसके बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। विवाद बढ़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हस्तक्षेप किया और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
करीब एक घंटे तक माहौल सामान्य नहीं होने पर सुरक्षा की दृष्टि से आयोजन समिति और प्रशासन ने आधी रात कार्यक्रम बंद कराने का निर्णय लिया।








