CG में जमीन पर कब्जा दिलाने 40 हजार रिश्वत मांगी, हेड-कॉन्स्टेबल सस्पेंड,
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में हेड कॉन्स्टेबल पर जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रिश्वत लेने का आरोप लगा है। इस मामले से जुड़ा बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।







वीडियो में हेड कॉन्स्टेबल कह रहा है कि ‘एसपी से शिकायत कर दो, मैं पैसा वापस नहीं करूंगा। मुझे लाइन अटैच करा दो, 10 हजार रुपए मैं दूंगा, तुम कुछ भी करो पैसे वापस नहीं करूंगा’। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने पुलिसकर्मी सस्पेंड कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक हेड कॉन्स्टेबल का नाम रमेश त्रिपाठी है, जो पंतोरा चौकी में पदस्थ था। आरोप है कि उसने विकास देवांगन से किसी जमीन पर कब्जा दिलाने के नाम पर 40 हजार रुपए की मांग की थी।




विकास ने पहले 30 हजार रुपए दे दिए थे, जिसके बाद बाकी 10 हजार रुपए की भी मांग की गई। बाद में यह रकम भी आवेदक ने दे दी। पूरी रकम लेने के बाद भी हेड कॉन्स्टेबल जमीन पर कब्जा नहीं दिला पाया।
जब विकास देवांगन ने अपने पैसे वापस मांगे, तो रमेश त्रिपाठी ने लौटाने से साफ इनकार करते हुए कहा कि ‘एसपी से शिकायत कर दो, मैं पैसा वापस नहीं करूंगा। मुझे लाइन अटैच करा दो, 10 हजार रुपए मैं दूंगा, तुम कुछ भी करो पैसे वापस नहीं करूंगा’।

वायरल वीडियो में हेड कॉन्स्टेबल तत्कालीन चौकी प्रभारी दिलीप सिंह से बातचीत करते हुए भी नजर आ रहा है। बातचीत के दौरान वह यह कहते हुए सुना जा सकता है कि, ‘आप लोगों ने जो दीवार तोड़ी थी, उसके लिए पैसे दिए गए थे।’
मामला सामने आने के बाद एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने हेड कॉन्स्टेबल रमेश त्रिपाठी को सस्पेंड कर लाइन अटैच कर दिया है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच जिम्मेदारी डीएसपी प्रदीप सोरी को सौंपी गई है।
…






