Uncategorized

CG में सील पैक शराब की बोतल में निकला कीड़ा लोगों ने की जांच की मांग, 10 दिनों में दूसरा मामला

By Dinesh chourasiya

छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में देसी शराब दुकान से खरीदी गई सीलपैक शराब की बोतल में कीड़ा मिला है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसे लेकर शराब उपभोक्ताओं में नाराजगी है। उन्होंने पैकेजिंग और निगरानी व्यवस्था की निष्पक्ष जांच की मांग की है। 10 दिनों में यह दूसरा मामला है।

इससे पहले बालोद के तांदुला डैम के पास स्थित देसी शराब दुकान से खरीदी गई रोमियो ब्रांड की शराब की बोतल में कांच के टुकड़े मिले थे। कांग्रेस जिला अध्यक्ष चंद्रेश हिरवानी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इस मामले में आबकारी विभाग ने जांच का आश्वासन दिया था।

सक्ती के डभरा में देसी शराब दुकान से बोतल खरीदी गई थी।

दरअसल, डभरा स्थित शासकीय देशी शराब दुकान से गुरुवार को एक व्यक्ति ने प्लेन ब्रांड का पौवा खरीदा था। पीने के लिए जब उसने बोतल खोली, तो उसमें कीड़ा नजर आया। इसके बाद उसने इसकी शिकायत दुकान के सेल्समैन से की। बाद में इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया।

जो अब तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें साफ बोतल के अंदर कीड़ा दिखाई दे रहा है। वहीं, मामला सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि सरकारी दुकानों पर बिकने वाली शराब की क्वॉलिटी अच्छी होनी चाहिए और नियमों को कड़ाई से लागू करना चाहिए। ग्राहकों की सुरक्षा और उनका भरोसा बनाए रखने के लिए सामान की नियमित जांच जरूरी है।

सीलपैक बोतल में कीड़ा मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

जांच के बाद ही पूरे फैक्ट्स सामने आएंगे

जानकारों के अनुसार, पैक सामानों में गड़बड़ी मिलने के पीछे पैकिंग के दौरान लापरवाही, रख-रखाव में कमी या अन्य तकनीकी कारण हो सकते हैं। हालांकि, केवल वायरल फोटो और वीडियो के आधार पर किसी नतीजे पर पहुंचना सही नहीं होगा। संबंधित बोतल की लैब टेस्टिंग और जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आएगी।

आबकारी विभाग से कार्रवाई की मांग

लोगों ने आबकारी विभाग से मामले की त्वरित और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शिकायत सही पाई जाती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

Related Articles

Back to top button