रायपुर में पुलिस-कस्टडी से 3 नाबालिग से भागे:चोरी के आरोप में पकड़े गए थे, चलती-गाड़ी से कूदे, एक गिरफ्त में; दो की तलाश जारी
By Dinesh chourasiya

राजधानी रायपुर में तीन नाबालिग उरला पुलिस कस्टडी से भाग निकले। चोरी के आरोप में पकड़े गए नाबालिग चलती पुलिस वैन से कूदकर गलियों में भाग निकले। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर एक नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य अंधेरे और तंग गलियों का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहे।







घटना बीरगांव स्थित शुभम के मार्ट के पास की बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि उरला थाने की पुरानी गाड़ी खराब होने के कारण शनिवार को लाइन से एक नई बोलेरो भेजी गई थी। इसी में 16–17 साल के तीन नाबालिगों को बाल न्यायालय ले जाया जा रहा था।
बताया जा रहा है कि गाड़ी का लॉक बाहर से तो बंद था, लेकिन अंदर से बिना चाबी के खुल जाता था। रास्ते में एक नाबालिग ने धीरे से दरवाजा चेक किया, तो वह खुल गया। इसके बाद उसने साथियों को इशारा किया और तीनों चलती गाड़ी से सड़क पर कूदकर फरार हो गए।




पीछा किया पर दो चकमा दे गए
आरोपियों के कूदते ही ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। पुलिसकर्मी तुरंत गाड़ी से उतरे और उनका पीछा किया, लेकिन आरोपी बीरगांव की घनी बस्तियों में घुसकर ओझल हो गए।
पुलिस ने घेराबंदी कर एक नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि दो अब भी फरार हैं। आला अधिकारियों को सूचना मिलते ही इलाके में नाकेबंदी कर दी गई, लेकिन अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।




