
रायपुर के होटल में लगी आग:रॉयल-कैसल के स्टोर रूम में उठी लपटें, फर्स्ट फ्लोर तक पहुंची
By Dinesh chourasiya
रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित रॉयल कैसल होटल के स्टोर रूम में अचानक आग लग गई। जिससे ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और काला धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया।







गनीमत रही कि समय रहते रेस्क्यू शुरू कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। आगजनी का कारण पुलिस शार्टसर्किट बता रही है।
अब पढ़िए क्या है पूरा मामला




डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि, गुरुवार की शाम चार बजे होटल के ग्राउंड फ्लोर पर बने स्टोर रूम में आग लगी थी। स्टोर में रखे ज्वलनशील और सूखे सामान के कारण आग तेजी से फैली और पहली मंजिल को भी अपनी चपेट में ले लिया।
होटल के अंदर धुआं भरते ही चीख-पुकार मच गई। होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से अंदर मौजूद सभी मेहमानों और कर्मचारियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
दमकल की 2 गाड़ियों ने पाया काबू
हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। विधानसभा पुलिस की टीम ने सुरक्षा के लिहाज से होटल के आसपास के इलाके को खाली करा दिया था।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच जारी
राहत की बात यह है कि, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, होटल के स्टोर रूम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। आगजनी मामले में होटल प्रबंधन ने अब तक शिकायत पुलिस को नहीं दी है।




