
छत्तीसगढ़ से -राज्यसभा सांसद बनीं लक्ष्मी वर्मा और फूलोदेवी नेताम:बीजेपी-कांग्रेस की सीटों पर निर्विरोध चुनाव
By Dinesh chourasiya
छत्तीसगढ़ राज्यसभा की दो सीटों के लिए भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस प्रत्याशी फूलोदेवी नेताम निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को, जबकि बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया था। दोनों दलों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रत्याशी नहीं उतारा। जिससे चुनाव निर्विरोध हुआ।







छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की इन दोनों सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस ने एक-एक सीट पर चुनाव जीत लिया है। अब इन दोनों सीटों पर चुनाव नहीं होंगे। बता दें कि लक्ष्मी वर्मा पिछले 30 सालों से राजनीति में सक्रिय है, वे पार्टी के कई बड़े पदों पर रही है।
वहीं, फूलोदेवी नेताम बस्तर क्षेत्र से आने वाली आदिवासी नेत्री है। वे भी पार्टी में 32 सालों से सक्रिय हैं।




दोबारा टिकट मिलना सौभाग्य – फूलोदेवी
कांग्रेस से निर्वाचित राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम मीडिया बातचीत में कहा कि पार्लियामेंट में जब जब मौका मिला तब तब मैंने छत्तीसगढ़ के विकास और अधिकार के लिए आवाज उठाया। आदिवासी महिला कार्यकर्ता को दोबारा टिकट मिलना मेरा सौभाग्य है।
बीजेपी से राज्यसभा सांसद बनी लक्ष्मी वर्मा
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए बीजेपी ने लक्ष्मी वर्मा को उम्मीदवार बनाया था। लक्ष्मी वर्मा वर्तमान में राज्य महिला आयोग की सदस्य हैं और भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष भी हैं। महिला वर्ग में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है और वे लंबे समय से सक्रिय राजनीति में हैं।
लक्ष्मी वर्मा रायपुर जिला पंचायत की अध्यक्ष रह चुकी हैं और बीजेपी की प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी निभा चुकी हैं। राज्यसभा सीट के लिए बीजेपी हाईकमान ने 7 नामों के पैनल पर मंथन किया था, जिसमें से तीन नामों को अंतिम सूची में शामिल किया गया।
इनमें लक्ष्मी वर्मा, डॉ. कृष्णमूर्ति बांधी और नारायण चंदेल का नाम था। आखिर करीब 30 साल से राजनीति में सक्रिय लक्ष्मी वर्मा को राज्यसभा भेजने का फैसला किया गया।
कांग्रेस से फूलो देवी नेताम बनी राज्यसभा सांसद
वहीं, छत्तीसगढ़ राज्यसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने फूलो देवी नेताम को दोबारा प्रत्याशी बनाया। वे वर्तमान में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। राज्यसभा में छत्तीसगढ़ के जिन सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है, उनमें फूलो देवी नेताम का नाम भी शामिल है। कांग्रेस ने उन्हें दोबारा मौका दिया और वे निर्विरोध निर्वाचित घोषित हो गईं।
इन नामों पर भी हुआ था मंथन
वहीं, कांग्रेस हाईकमान ने राज्यसभा के लिए कुछ और संभावित नामों पर भी विचार किया था। इनमें पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व मंत्री टीएस सिंहदेव के नाम शामिल थे। हालांकि पार्टी ने फूलो देवी नेताम को ही दोबारा राज्यसभा भेजने का फैसला किया।





