Uncategorized

छत्तीसगढ़ के 18 जिलों में शीतलहर का अलर्ट: अगले 2 दिनों में और गिरेगा पारा ठंड से एक की मौत

By Dinesh chourasiya

हिमालय से आ रहीं ठंडी हवाओं से छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। कई शहरों में तापमान सामान्य से कम चला गया है। सरगुजा संभाग में ठंड का असर ज्यादा है। बलरामपुर के रामानुजगंज में पैरावट पर ओस की बूंदें जमकर बर्फ बनने लगी है। यहां रात का तापमान 1 से 2 डिग्री के आसपास बना हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 2 दिनों में प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्से में ठंड और बढ़ेगी। विभाग ने 18 जिलों में कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। बता दें कि पिछले 28 दिनों में राज्य में ठंड से 3 मौत हो चुकी है।

वहीं पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 28.4°C दुर्ग में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.5°C अंबिकापुर में रिकॉर्ड किया गया।

सिनोप्टिक सिस्टम के चलते बढ़ेगी ठंड

पश्चिमी विक्षोभ हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को नीचे की ओर धकेलता है। वहीं तेज जेट स्ट्रीम इन हवाओं को तेजी से मध्य भारत की तरफ आगे बढ़ा देती है, नतीजा यह होता है कि उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ तक पहुंचने लगती है।

इसी वजह से रात का तापमान तेजी से गिरता है। सुबह-शाम ठंड ज्यादा महसूस होती है, कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन जाती है। उदाहरण के साथ समझाया जाए तो मान लीजिए जैसे फ्रिज का दरवाजा खुला रह जाए और पंखा चलने लगे तो ठंडी हवा दूर तक फैल जाती है।

यहां पश्चिमी विक्षोभ फ्रिज है और जेट स्ट्रीम पंखा, जो ठंडी हवा को छत्तीसगढ़ तक पहुंचा रहा है।

यात्री प्रतीक्षालय में ठंड से मौत

7 जनवरी को कोरबा के सरई सिंगार निवासी हरप्रसाद भैना (55) की मौत ठंड लगने से हो गई। उनकी लाश कसईपाली के यात्री प्रतीक्षालय में मिली। हरप्रसाद मंगलवार को रलिया गांव में छठी कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पैदल घर लौट रहे थे।

रात की ठंड में थकान के कारण वे प्रतीक्षालय में सो गए थे। बुधवार सुबह लोगों ने उनकी लाश देखी। शव की स्थिति और मौके की परिस्थिति देखकर उनकी ठंड से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।

कोरबा के सरईसिंगार निवासी हरप्रसाद भैना (55) की ठंड से जान चली गई। यात्री प्रतिक्षालय में उनकी लाश मिली है।

Related Articles

Back to top button