छत्तीसगढ़ के हसदेव नदी में डूबने से 3 दोस्तों की मौत:मृतकों में एक ASI का बेटा, 26 घंटे बाद तीनों शव बरामद, नहाने के दौरान हादसा
By Dinesh chourasiya
जांजगीर-चांपा जिले में हसदेव नदी में डूबने से तीन छात्रों की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम ने 26 घंटे की तलाश के बाद गुरुवार सुबह तीनों के शव बरामद कर लिए। नहाते समय वे गहराई में चले गए थे।
मृतकों में नेल्सन लकड़ा (15) शामिल था, जो सक्ती जिले में पदस्थ ASI नजारियूस एक्का का बेटा था। युवराज राठौर (14) के पिता दिनेश राठौर प्लांट कर्मचारी हैं, जबकि रुद्र सिंह राज (11) के पिता जयचंद राज किराना दुकान चलाते हैं। तीनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।







स्कूल की छुट्टी होने के कारण तीनों दोस्त बुधवार सुबह करीब 10 बजे साइकिल से हनुमान धारा नहाने गए थे। शाम तक घर न लौटने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की। त्रिदेव घाट के पास उनकी साइकिल, कपड़े और चप्पलें मिलीं, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी गई थी।
जिसके बाद SDRF और पुलिस टीम ने पूरे क्षेत्र में रेस्क्यू अभियान चलाया। मृतक रुद्र (कक्षा 5), युवराज (कक्षा 8), और नेल्सन (कक्षा 9) तीनों जगदल्ला कॉलोनी स्थित मनका पब्लिक स्कूल के छात्र थे।



हसदेव नदी के पानी का प्रवाह रोका गया




बच्चों के लापता की सूचना मिलते ही चांपा पुलिस, SDRF टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। SDM पवन कोसमा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। बच्चों की खोजबीन के लिए हसदेव नदी का जल प्रवाह अस्थायी रूप से रोक दिया गया था, ताकि तलाशी अभियान में तेजी लाई जा सके।
बुधवार को दिन में तीनों बच्चों की तलाश लगातार जारी रही। लेकिन शाम होने के बाद अंधेरा होने की वजह से रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कतें आईं, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया गया था। आज सुबह तलाशी के दौरान तीनों के शव बरामद किए गए।
चांपा SDM पवन कोसमा ने बताया कि सुबह 10-11 बजे 3 बच्चे हनुमान धारा घूमने गए थे। परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन कोई पता नहीं चला। बाद में लोकेशन के आधार पर वहां पहुंचे। मौके पर बच्चों की साइकिल और कपड़े मिले थे।
नदी का बहाव तेज था, लेकिन एनिकट से पानी का बहाव कम कर दिया गया है। तीनों के शव मिल चुके हैं।




